रिपोर्ट: अजयपाल यादव
बदायूं। जिले के इस्लामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत अगरास से शराब की कथित ओवररेट बिक्री का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो वायरल होने के बाद आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि रात के समय शराब की दुकान का मुख्य गेट बंद होने के बावजूद अंदर से शराब की बिक्री की जा रही है। वीडियो में एक व्यक्ति शटर के नीचे से देशी शराब के क्वार्टर निकालकर देता दिखाई दे रहा है। वीडियो में शराब निर्धारित कीमत से अधिक यानी ओवररेट में बेचने का भी आरोप लगाया जा रहा है।
स्थानीय स्तर पर यह भी आरोप है कि दुकान पर देर रात तक कथित रूप से शराब की बिक्री क्षेत्रीय मैनेजर की जानकारी या संरक्षण में की जा रही है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
मामला सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल आबकारी विभाग की निगरानी व्यवस्था पर उठ रहा है। यदि शराब की दुकान पर निर्धारित समय के बाद बिक्री और ओवररेटिंग की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठना स्वाभाविक है।
अब देखना होगा कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर आबकारी विभाग मौके पर जांच करता है या नहीं और जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित दुकान संचालक अथवा कर्मचारियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।
नोट: खबर में इस्तेमाल वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हमारी ओर से वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गई है। वीडियो में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
