न्यूज डेस्क ,लखनऊ
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में युवाओं के नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए योगी सरकार की पहल यूपी RISE छात्रों को अपने नए आइडिया पेश करने का मंच दे रही है।
इसी क्रम में लखनऊ स्थित इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में यूपी RISE कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्रों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, हेल्थकेयर, सुरक्षा, कृषि, जल गुणवत्ता और रियल एस्टेट समेत कई क्षेत्रों से जुड़े नए प्रोजेक्ट और कारोबारी मॉडल प्रस्तुत किए।
AI और तकनीक पर आधारित रहे प्रोजेक्ट
कार्यक्रम में छात्रों ने कई तकनीक आधारित आइडिया पेश किए। ध्रुव एक्स स्काईशील्ड ने AI आधारित पोर्टेबल ड्रोन रोधी रक्षा तंत्र, निदानवाणी ने हेल्थकेयर प्लेटफॉर्म और मेरिडियन ने स्मार्ट वियरेबल मुद्रा निगरानी तंत्र प्रस्तुत किया।
वहीं संवेदना ने AI आधारित मानसिक स्वास्थ्य प्लेटफॉर्म और स्कैनविडेंस ने चिकित्सकों के लिए मरीजों के आंकड़ों के विश्लेषण और बीमारी की पहचान में मदद करने वाला मेडिकल प्लेटफॉर्म तैयार किया।
इसके अलावा जियोक्वेरी लैब ने प्रॉपर्टी से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने वाला प्लेटफॉर्म, इनोवेट8एक्स ने AI आधारित निगरानी एवं सुरक्षा तंत्र, शिल्पसेतु ने कारीगरों को सीधे ग्राहकों से जोड़ने वाला डिजिटल बाजार और एग्रीक्यू ने सटीक कृषि के लिए ऑटोमेटेड सिस्टम पेश किया।
इनोवेट8एक्स ने जीता पहला स्थान
प्रतियोगिता में इनोवेट8एक्स की टीम ने पहला स्थान हासिल किया। टीम में रमिश अदील, मुस्कान, फराज नदीम, लैबा रहमान, रेहान शेख और फैजान-ए-रजा शामिल रहे।
स्कैनविडेंस दूसरे स्थान पर रही। टीम में अनस खालिद, अब्दुल मलिक, अली हसन, अलीना फारूकी, अब्दुल रहमान और साहेर जहरा शामिल थे।
वहीं मेरिडियन की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया। टीम में इमामा बिन्त अनवर, अरिशा खानम, अब्दुल्ला अशरफ अली, मोहम्मद सायम अशरफ, एमडी मामूनुर रशीद और हसन अब्बास नियाजी शामिल रहे।
विशेषज्ञों ने किया आइडिया का मूल्यांकन
कार्यक्रम में छात्रों के आइडिया और उनकी प्रस्तुतियों का मूल्यांकन हर्षित देसाई, सिमरन साहनी, पूनम खंडेलवाल और हर्षवर्धन जवेरी ने किया। यूपी RISE के जरिए छात्रों को अपने नवाचारों को कारोबारी मॉडल के तौर पर पेश करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के जरिए छात्रों को बुकमायशो में प्रशिक्षण का अवसर भी मिलेगा। इसके अलावा लखनऊ विश्वविद्यालय में भी यूपी RISE कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
