Homeउत्तर प्रदेशचित्रकूट से जल्द शुरू होगी लखनऊ और दिल्ली की हवाई सेवा, सीएम...

चित्रकूट से जल्द शुरू होगी लखनऊ और दिल्ली की हवाई सेवा, सीएम योगी ने किया ऐलान

चित्रकूट: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जल्द ही नए विमान उपलब्ध होने के बाद चित्रकूट से लखनऊ और दिल्ली के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले चित्रकूट उपेक्षा, भय और अव्यवस्था का प्रतीक बन गया था, लेकिन डबल इंजन सरकार के प्रयासों से आज यह आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और विकास का नया केंद्र बनकर उभरा है।

मुख्यमंत्री बुधवार को चित्रकूट में ₹951 करोड़ की लागत से तैयार 124 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे क्षेत्र की लाइफलाइन बन चुका है और भरतकूप से आगे सड़क निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चित्रकूट देश का पहला पहाड़ी चोटी पर बना आधुनिक एयरपोर्ट है और जल्द ही यहां से नियमित हवाई सेवाएं शुरू होंगी। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र आने वाले समय में रक्षा उत्पादन का भी बड़ा केंद्र बनेगा। डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर के तहत यहां बड़ी औद्योगिक इकाइयों का निवेश हो रहा है और उत्तर प्रदेश में निर्मित ब्रह्मोस मिसाइलों का निर्यात भी शुरू होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चित्रकूट केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि शिक्षा और रक्षा अनुसंधान का भी प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग विश्वविद्यालय को राज्य विश्वविद्यालय का दर्जा दिए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि भविष्य में चित्रकूट “शस्त्र और शास्त्र” दोनों का संगम बनेगा।

राजनीतिक हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर अयोध्या व चित्रकूट की छवि खराब करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महर्षि वाल्मीकि आश्रम, राजापुर, मंदाकिनी तट और कामदगिरि परिक्रमा मार्ग के सौंदर्यीकरण पर लगातार निवेश कर रही है, जबकि पिछली सरकारों ने इन क्षेत्रों की उपेक्षा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बिना किसी भेदभाव के विकास योजनाओं का लाभ सभी वर्गों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक 9.5 लाख युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी गई हैं। गरीबों को मुफ्त राशन, आवास, शौचालय, बिजली कनेक्शन, उज्ज्वला गैस और आयुष्मान भारत योजना के तहत ₹5 लाख तक का स्वास्थ्य सुरक्षा कवच उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि चित्रकूट में आध्यात्मिक पर्यटन के साथ-साथ रानीपुर टाइगर रिजर्व के जरिए इको-टूरिज्म को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने लोगों से विकास की गति बनाए रखने के लिए भाजपा का समर्थन करने की अपील भी की।

RELATED ARTICLES

Most Popular