उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि ढाई करोड़ रुपये की कार में चलने वाले लोग भी नगर निगम का 45 रुपये का गमला चुराकर ले जाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं अब सीसीटीवी कैमरों में कैद हो रही हैं।
मुख्यमंत्री मंगलवार को लखनऊ नगर निगम के ‘स्वच्छ-सुंदर-समर्थ लखनऊ’ अभियान के तहत आयोजित समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने 413 करोड़ रुपये की विभिन्न जनकल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
शहर की सफाई में नागरिकों की भी जिम्मेदारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने की जिम्मेदारी केवल नगर निगम, महापौर, पार्षद या सफाई कर्मचारियों की नहीं है, बल्कि आम नागरिकों की भी है।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि घर का कूड़ा कूड़ेदान में डालें, प्लास्टिक का उपयोग कम करें, नालियों में कचरा न फेंकें और सरकारी संपत्ति को नुकसान न पहुंचाएं।
सीएम योगी ने कहा,
“हम गमला लगाते हैं, कोई कार से आता है और गमला उठाकर ले जाता है। हद है… जितना कार में तेल लग रहा है, उसमें नया गमला भी खरीदा जा सकता है।”
सीसीटीवी में कैद हुई गमला चोरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब शहर में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और प्रशासन लगातार निगरानी करता रहता है। उन्होंने बताया कि एक घटना में महंगी कार से आए लोग नगर निगम का गमला चोरी करते कैमरे में दिखाई दिए।
उन्होंने कहा,
“मैं देख रहा था कि बहुत महंगी कार से लोग आए और 45 रुपये का गमला चोरी कर रहे थे। पता नहीं कितना प्रयास किया उन्होंने। नया गमला खरीद लेते तो सम्मान भी रहता और शहर भी अच्छा दिखता।”
मुख्यमंत्री ने मजाकिया अंदाज में कहा कि एक समय उनके मन में आया था कि गमला चोरी करने वालों की तस्वीर चौराहे पर लगवा दी जाए।
स्वच्छता अभियान पर जोर
सीएम योगी ने कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित शहर बनाने के लिए प्रशासन और जनता दोनों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
