अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या के सोहावल में ₹432 करोड़ से अधिक लागत की 217 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अयोध्या के विकास, राम मंदिर और विपक्ष को लेकर कई अहम बातें कहीं। उन्होंने कहा कि साफ मंशा और स्पष्ट नीति हो तो विकास कार्य अपने आप आगे बढ़ते हैं और प्रभु श्रीराम तथा पवनसुत हनुमान की कृपा से अयोध्या निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की कल्पना भी नहीं की जाती थी, लेकिन आज महर्षि वाल्मीकि के नाम पर बना अयोध्या अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट देश के प्रमुख शहरों से जुड़ चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने एयरपोर्ट निर्माण का विरोध किया था और लोगों को गुमराह करने का प्रयास किया था।
योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष अयोध्या के विकास का विरोध इसलिए कर रहा है क्योंकि वे स्वयं यह कार्य नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि निषादराज गुह के नाम पर रैन बसेरा बनाया गया और श्रृंगवेरपुर में भगवान श्रीराम एवं निषादराज के मिलन की भव्य प्रतिमा स्थापित कराई गई, जबकि पहले इन स्थानों पर कब्जे की कोशिशें होती थीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने राम मंदिर निर्माण में बाधाएं खड़ी कीं, भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए और रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार बनने के बाद भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बनकर तैयार हुआ और कोई इसे रोक नहीं सका।
उन्होंने कहा कि अयोध्या ने वह कर दिखाया, जो पिछले 500 वर्षों में संभव नहीं हो पाया था। कई पीढ़ियों, संतों, राजाओं और समाज के विभिन्न वर्गों ने राम जन्मभूमि मुक्ति के लिए संघर्ष किया, जिसका परिणाम आज पूरे देश के सामने है। उन्होंने कहा कि जो लोग कभी कहते थे कि अयोध्या में “परिंदा भी पर नहीं मार सकता”, आज वहीं लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ देख रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर खिरौनी सुचितागंज नगर पंचायत का नाम “मां ज्वाला माई नगर पंचायत” करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि यह नामकरण मां ज्वाला माई के सम्मान में किया जाएगा।
