Homeउत्तर प्रदेशदीपोत्सव की तैयारियां परखने आज अयोध्या पहुंचेंगे सीएम योगी, राम की पैड़ी...

दीपोत्सव की तैयारियां परखने आज अयोध्या पहुंचेंगे सीएम योगी, राम की पैड़ी से सरयू घाट तक करेंगे निरीक्षण

रिपोर्ट: न्यूज डेस्क, लखनऊ

अयोध्या में दीपोत्सव-2026 को भव्य और ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को रामनगरी पहुंचकर तैयारियों का जायजा लेंगे। इस दौरान वह प्रमुख आयोजन स्थलों का निरीक्षण करने के साथ अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस महकमा अलर्ट मोड पर है।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री सबसे पहले हनुमानगढ़ी और श्रीराम मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद राम की पैड़ी, रामकथा पार्क और सरयू आरती स्थल पहुंचकर दीपोत्सव की तैयारियों का जायजा लेंगे। वह आयोजन स्थलों की व्यवस्था, अतिथियों के आगमन और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी भी लेंगे। मुख्य अतिथियों और वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उच्च अधिकारियों के साथ बैठक भी प्रस्तावित है।

बारिश के बावजूद तय समय पर चल रही तैयारियां

मुख्यमंत्री के दौरे से पहले डीएम शशांक त्रिपाठी और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने आयोजन स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। डीएम के मुताबिक, पिछले दो-तीन दिनों में हुई बारिश से तैयारियों पर कुछ असर जरूर पड़ा, लेकिन पहले से चल रहे कार्यों के कारण कोई बड़ी परेशानी नहीं आई है। सभी काम निर्धारित समय के अनुसार आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री के निरीक्षण में यदि कोई कमी सामने आती है तो उसे तत्काल दूर कराया जाएगा।

जोन-सेक्टर में बंटा आयोजन क्षेत्र, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर के मुताबिक, दीपोत्सव क्षेत्र को अलग-अलग जोन और सेक्टर में बांटकर तैयारियों की निगरानी की जा रही है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए इंटर-डिस्ट्रिक्ट और इंट्रा-डिस्ट्रिक्ट डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है। पूरे आयोजन क्षेत्र पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी। इसके लिए येलो जोन कंट्रोल रूम के साथ इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर भी तैयार किया जा रहा है।

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए स्थानीय पुलिस के अलावा रेंज, जोन और पुलिस मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराया गया है। स्पेशल सिक्योरिटी एजेंसियों की भी तैनाती की जा रही है। प्रशासन का दावा है कि दीपोत्सव और मुख्यमंत्री के वीआईपी दौरे को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के निरीक्षण के बाद तैयारियों में और तेजी आने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

Most Popular