Homeउत्तर प्रदेशबांदा में सीएम योगी का विपक्ष पर तीखा हमला, बोले- 'जिन्हें कब्रिस्तान...

बांदा में सीएम योगी का विपक्ष पर तीखा हमला, बोले- ‘जिन्हें कब्रिस्तान प्यारा, वे ही राम मंदिर का विरोध करते हैं’

बांदा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बांदा और बबेरू विधानसभा क्षेत्र में 710 करोड़ रुपये से अधिक की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि “जिन्हें कब्रिस्तान प्यारा है, वही राम मंदिर, काशी विश्वनाथ, मां विंध्यवासिनी धाम, चित्रकूट और नैमिषारण्य जैसे धार्मिक स्थलों के विकास का विरोध करते हैं।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार मंदिरों और धार्मिक धामों के विकास पर खर्च करती है, जबकि पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी सरकार के समय कब्रिस्तानों की बाउंड्रीवाल पर अधिक ध्यान दिया जाता था। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि नकारात्मक और विकास विरोधी सोच रखने वालों को लोकतांत्रिक तरीके से खारिज करना चाहिए।

710 करोड़ की 229 परियोजनाओं की सौगात

सीएम योगी ने बांदा और बबेरू क्षेत्र के लिए 710 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने इन परियोजनाओं का श्रेय स्थानीय जनता और जनप्रतिनिधियों को देते हुए कहा कि जनसहयोग से ही क्षेत्र का तेजी से विकास संभव हो रहा है।

‘बुंदेलखंड की तस्वीर बदल गई’

मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब साढ़े नौ वर्ष पहले जब वह पहली बार बुंदेलखंड आए थे, तब यह क्षेत्र पिछड़ेपन, पलायन, पानी की कमी, डकैतों और भूमाफियाओं के आतंक के लिए जाना जाता था। उन्होंने कहा कि किसानों में भय का माहौल था, कनेक्टिविटी, सिंचाई, पेयजल, रोजगार और कानून-व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव था।

उन्होंने दावा किया कि आज बुंदेलखंड की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। मेडिकल कॉलेज, कृषि विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलीटेक्निक संस्थान, बेहतर सड़कें, पेयजल और सिंचाई परियोजनाओं ने क्षेत्र के विकास को नई गति दी है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि विकास और विरासत संरक्षण से जुड़े हर प्रस्ताव पर सरकार गंभीरता से काम करेगी।

विपक्ष पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में जिन लोगों को कानून-व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी मिली थी, वही प्रदेश को लूटने में लगे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय भूमाफिया, डकैत और अपराधियों का बोलबाला था, जबकि अब प्रदेश दंगा, कर्फ्यू और माफिया संस्कृति से मुक्त हुआ है।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार तुष्टिकरण की राजनीति नहीं करती और बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र के साथ प्रदेश का समग्र विकास करना है।

RELATED ARTICLES

Most Popular