HomeUncategorizedदीपोत्सव का हर दीप कुम्हार के श्रम, किसान की उपज और परिवार...

दीपोत्सव का हर दीप कुम्हार के श्रम, किसान की उपज और परिवार की आजीविका को दे रहा रोशनी: सीएम योगी

 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या का भव्य दीपोत्सव केवल आस्था और संस्कृति का उत्सव नहीं, बल्कि स्थानीय कारीगरों, किसानों और छोटे व्यापारियों की आर्थिक समृद्धि का भी माध्यम बन रहा है। दीपोत्सव में जलने वाला हर दीप किसी कुम्हार के श्रम, किसान की उपज और किसी परिवार की आजीविका को नई रोशनी दे रहा है।

मुख्यमंत्री ने सोमवार को अयोध्या पहुंचने से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दीपोत्सव की महत्ता साझा की। उन्होंने लिखा कि श्री अयोध्या धाम का भव्य दीपोत्सव आस्था के साथ आर्थिकी को भी नई ऊर्जा दे रहा है। लाखों दीपों से जगमगाती रामनगरी के पीछे कुम्हारों, श्रमिकों और छोटे कारोबारियों की मेहनत भी जुड़ी है।

2017 से पहले स्थानीय लोगों की आजीविका से नहीं जुड़ा था दीपोत्सव

सीएम योगी ने लिखा कि वर्ष 2017 से पहले अयोध्या की सांस्कृतिक संभावनाओं को स्थानीय कारीगरों, किसानों और छोटे व्यापारियों की समृद्धि से जोड़ने की कोई ठोस पहल नहीं हुई थी। उस समय आस्था के सामर्थ्य को आजीविका के नए अवसरों में बदलने की सोच का अभाव था।

दीपोत्सव से खुल रहे रोजगार और कारोबार के अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने इस अंधकार को दूर किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में लाखों दीपों से आलोकित होने वाला दीपोत्सव आज कुम्हारों, श्रमिकों और छोटे व्यापारियों के लिए काम और कारोबार के नए अवसर पैदा कर रहा है।

उन्होंने कहा कि जिस दीये से अयोध्या जगमगाती है, उसी से किसी मेहनतकश परिवार के घर में खुशहाली की उम्मीद भी जागती है। यही दीपोत्सव की असली पहचान है, जहां आस्था के साथ स्थानीय लोगों की आजीविका और आर्थिक समृद्धि को भी नई दिशा मिल रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular