Homeउत्तर प्रदेशगोरखपुर में CM योगी का जनता दर्शन, 150 लोगों की सुनी फरियाद

गोरखपुर में CM योगी का जनता दर्शन, 150 लोगों की सुनी फरियाद

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान लगातार दूसरे दिन बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन किया। इस दौरान अलग-अलग जिलों से पहुंचे करीब 150 लोगों से मुख्यमंत्री ने मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। योगी आदित्यनाथ ने लोगों को भरोसा दिलाया कि किसी को परेशान होने की जरूरत नहीं है। सरकार हर व्यक्ति की समस्या का गंभीरता से समाधान कराएगी।

महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में लोगों ने राजस्व, जमीन, कानून-व्यवस्था, इलाज समेत कई मामलों से जुड़ी शिकायतें मुख्यमंत्री के सामने रखीं। मुख्यमंत्री ने एक-एक व्यक्ति की समस्या सुनी और उनके प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए जल्द और संतोषजनक समाधान के निर्देश दिए।

जमीन विवाद और भू-माफिया पर कार्रवाई के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं का समाधान बिना किसी भेदभाव के किया जाए। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर हाल में मिलना चाहिए।

जमीन पर अवैध कब्जे और भू-माफिया से जुड़े मामलों को लेकर भी मुख्यमंत्री ने प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व और कानून-व्यवस्था से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को कहा।

गंभीर बीमार मरीजों की मदद के निर्देश

जनता दर्शन में कुछ लोग गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंद मरीजों के इलाज का उच्चस्तरीय अस्पताल से तत्काल इस्टीमेट तैयार कराया जाए।

उन्होंने कहा कि इस्टीमेट प्राप्त होने के बाद सरकार के विवेकाधीन कोष से इलाज के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।

गुरु की पुण्यतिथि पर की पूजा-अर्चना

जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने पूज्य गुरुदेव और राष्ट्रसंत ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की 12वीं पुण्यतिथि पर विशेष पूजा-अर्चना की। गोरक्षपीठ में महंत दिग्विजयनाथ की 57वीं और महंत अवेद्यनाथ की 12वीं पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री गोरखनाथ मंदिर की गोशाला पहुंचे। यहां उन्होंने गायों और गोवंश को स्नेहपूर्वक गुड़ खिलाया। इस दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से आए संत भी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular