Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ विश्वविद्यालय के हॉस्टल में खाने की गुणवत्ता पर बवाल, छात्रों ने...

लखनऊ विश्वविद्यालय के हॉस्टल में खाने की गुणवत्ता पर बवाल, छात्रों ने गेट नंबर-1 किया बंद

लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के हॉस्टलों में भोजन की गुणवत्ता को लेकर छात्रों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। कुलपति प्रो. जेपी सैनी के निरीक्षण के बावजूद मेस व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं होने का आरोप लगाते हुए बुधवार को नवीन परिसर के छात्रों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया।

कौटिल्य और होमी जहांगीर भाभा छात्रावास के विद्यार्थियों ने खाने की गुणवत्ता के विरोध में धरना दिया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने न्यू कैंपस के गेट नंबर-1 को बंद कर दिया, जिससे परिसर में आवागमन भी प्रभावित हुआ।

खराब भोजन को लेकर छात्रों में नाराजगी

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि दोनों छात्रावासों में परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता तय मानकों के अनुरूप नहीं है। विद्यार्थियों का कहना है कि इस संबंध में कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।

छात्रों ने मांग की कि उन्हें स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही मेस की व्यवस्था में भी सुधार किया जाए।

कैलाश छात्रावास में भी उठ चुका है मुद्दा

इससे पहले कैलाश छात्रावास में भी भोजन की गुणवत्ता को लेकर छात्रों की नाराजगी सामने आई थी। इसके बाद कुलपति प्रो. जेपी सैनी ने मेस और भोजन व्यवस्था का निरीक्षण किया था। उन्होंने छात्रों के साथ भोजन भी किया था, ताकि व्यवस्था को लेकर भरोसा कायम किया जा सके।

हालांकि, अब नवीन परिसर के छात्रावासों में भी विरोध शुरू हो गया है। छात्रों का कहना है कि निरीक्षण के बावजूद भोजन की गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

समाधान होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी

धरने पर बैठे विद्यार्थियों ने कहा कि भोजन और छात्रावास से जुड़ी अन्य समस्याओं का ठोस समाधान होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मौके पर पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने और जल्द समाधान कराने की मांग की है।

गेट नंबर-1 बंद होने के कारण नवीन परिसर में आने-जाने वाले छात्रों और अन्य लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

RELATED ARTICLES

Most Popular