Homeउत्तर प्रदेशजनता दर्शन में सुनीं लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित...

जनता दर्शन में सुनीं लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

लखनऊ, 26 अक्टूबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह लखनऊ में आयोजित जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ‘नर सेवा-नारायण सेवा’ के भाव से जनसेवा कर रही है। ऐसे में अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे संवेदनशीलता के साथ हर पीड़ित की समस्या सुनें और उसका समयबद्ध एवं संतुष्टिपरक समाधान सुनिश्चित करें

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री खुद लोगों के पास पहुंचे और एक-एक कर उनकी शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए मामलों की गंभीरता से जांच करने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी पीड़ित के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

अवैध कब्जे के मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जमीन पर अवैध कब्जे और कमजोर वर्ग के लोगों को उनकी संपत्ति से बेदखल करने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध कब्जा करने और निर्बल लोगों को उजाड़ने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने जमीन-जायदाद से जुड़े पारिवारिक विवादों का समाधान आपसी बातचीत के माध्यम से कराने का प्रयास करने को कहा। वहीं, राजस्व और पुलिस से संबंधित मामलों में पूरी पारदर्शिता तथा निष्पक्षता बरतने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी के साथ पक्षपात नहीं होना चाहिए और हर पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जो पात्र लोग किसी कारण से सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं, उनकी समस्याओं का समाधान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ा जाए। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने और शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी से बचने की हिदायत दी।

मासूम को चॉकलेट देकर जीता दिल

जनता दर्शन के दौरान एक भावुक और आत्मीय पल भी देखने को मिला। अपनी मां के साथ पहुंचे एक छोटे बच्चे से मुख्यमंत्री ने प्यार से बातचीत की। मुख्यमंत्री को अपने पास देखकर बच्चा मुस्कुराने लगा। इसके बाद योगी आदित्यनाथ ने उसे चॉकलेट दी, जिसे बच्चे ने खुशी से ले लिया। मुख्यमंत्री और मासूम के बीच इस सहज बातचीत को देखकर वहां मौजूद लोग भी मुस्कुराने लगे।

जनता दर्शन के माध्यम से मुख्यमंत्री ने एक बार फिर अधिकारियों को संदेश दिया कि जनसमस्याओं का समाधान केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि जनसेवा और जवाबदेही का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular