Homeउत्तर प्रदेशराष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर CM योगी की युवाओं से अपील, बोले- तकनीक...

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर CM योगी की युवाओं से अपील, बोले- तकनीक अपनाएं, आत्मनिर्भर यूपी बनाएं

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के अवसर पर प्रदेश के युवाओं के नाम एक विशेष पत्र लिखकर तकनीक, नवाचार और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया। इस पत्र के माध्यम से उन्होंने युवाओं से नई तकनीकों को अपनाने और उत्तर प्रदेश को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने में भागीदारी निभाने की अपील की।

सीएम योगी ने अपने संदेश में कहा कि तकनीक केवल विकास का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार भी है। उन्होंने कहा कि आज तकनीक प्रयोगशालाओं से निकलकर खेत-खलिहानों तक पहुंच चुकी है और युवा ही प्रदेश की समृद्धि के सबसे बड़े आधार हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार राज्य को “डीप टेक कैपिटल” बनाने के लक्ष्य पर तेजी से काम कर रही है। इसके तहत प्रदेश में डेटा सेंटर क्लस्टर, रोबोटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मिशन को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार का मूल मंत्र “Innovate in UP, Scale for the World” है। राज्य सरकार ड्रोन तकनीक, क्वांटम टेक्नोलॉजी, ग्रीन हाइड्रोजन और मेड-टेक जैसे क्षेत्रों में तेजी से काम कर रही है।

सीएम योगी ने अपने पत्र में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के ऐतिहासिक महत्व का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 11 मई 1998 को पोखरण में ‘ऑपरेशन शक्ति’ के जरिए भारत ने दुनिया को अपनी वैज्ञानिक क्षमता का परिचय दिया था। उन्होंने हंस-3 विमान और त्रिशूल मिसाइल के सफल परीक्षण को भी देश की तकनीकी उपलब्धियों का प्रतीक बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की धरती पर अब ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण होना प्रदेश के लिए गर्व की बात है और यह सुरक्षा व तकनीकी क्षमता में बढ़ती ताकत को दर्शाता है।

उन्होंने युवाओं से नवीनतम तकनीकों को सीखने और समय के साथ आगे बढ़ने की अपील करते हुए कहा कि “तकनीक समय की तरह है, इसके साथ नहीं चलना समय से पीछे रह जाना है।”

सीएम योगी ने कहा कि नवाचार और तकनीक को अपनाना ही पूर्व प्रधानमंत्री Atal Bihari Vajpayee को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular