सुल्तानपुर, 7 जुलाई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को सुल्तानपुर में ₹819 करोड़ से अधिक लागत की 99 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान आयोजित जनसभा में उन्होंने विकास कार्यों के साथ-साथ राम मंदिर, अयोध्या, वक्फ कानून और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामभक्तों के सहयोग से बने भव्य राम मंदिर को सपा और कांग्रेस पचा नहीं पा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग पहले रामभक्तों पर गोलियां चलाते थे और बाबरी ढांचे के लिए घड़ियाली आंसू बहाते थे, वही आज आस्था की बात कर रहे हैं।
अयोध्या मुद्दे पर विपक्ष को घेरा
सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या में हुई घटना के बाद ट्रस्ट के अनुरोध पर एसआईटी गठित की गई और रिपोर्ट आने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी हुई। इसके बावजूद विपक्ष राम जन्मभूमि और अयोध्या की छवि खराब करने का प्रयास कर रहा है।
वक्फ और तुष्टिकरण पर निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा और कांग्रेस वक्फ कानून तथा नागरिकता कानून का विरोध कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारें विकास का पैसा कब्रिस्तानों की बाउंड्री वॉल पर खर्च करती थीं, जबकि वर्तमान सरकार धार्मिक स्थलों के विकास और जनकल्याण पर ध्यान दे रही है।
कानून-व्यवस्था और रोजगार का दावा
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले नौ वर्षों में पूरी पारदर्शिता के साथ 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं। उन्होंने दावा किया कि 64 हजार एकड़ सरकारी जमीन माफियाओं से मुक्त कराई गई और प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है।
सुल्तानपुर को विकास की नई सौगात
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुल्तानपुर अब बेहतर सड़क और एक्सप्रेसवे नेटवर्क से जुड़ चुका है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, अयोध्या फोर-लेन और अन्य संपर्क मार्गों से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है।
उन्होंने बताया कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किनारे इंडस्ट्रियल क्लस्टर विकसित किया जा रहा है, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
मेडिकल और खेल सुविधाओं पर जोर
सीएम ने कहा कि सुल्तानपुर में मेडिकल कॉलेज संचालित हो चुका है और अब नर्सिंग कॉलेज की स्थापना भी की जा रही है। साथ ही राज्य में इंडोर स्टेडियम, ग्रामीण खेल मैदान और खेल सुविधाओं का विस्तार कर युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर दिया जा रहा है।_
कार्यक्रम में दिखा भावुक पल
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने महिलाओं को पोषण पोटली वितरित की और बच्चों का अन्नप्राशन कराया। इसी दौरान एक छोटी बच्ची ने मुख्यमंत्री से चॉकलेट लेने के बाद उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया, जिसका दृश्य कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बना।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव, स्थानीय विधायक, एमएलसी, जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
