बांदा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बांदा के कालू कुआं चौराहे पर वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रानी अवंती बाई ने देश की आन, बान और शान की रक्षा तथा स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका त्याग और बलिदान आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वीरांगना रानी अवंती बाई की प्रतिमा का अनावरण उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बांदा सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने शहर के प्रमुख स्थानों पर राष्ट्रनायकों और वीर-वीरांगनाओं की प्रतिमाएं स्थापित कर नई पीढ़ी को इतिहास और राष्ट्रभक्ति से जोड़ने का सराहनीय प्रयास किया है।
‘महापुरुषों को सम्मान अच्छे नेतृत्व में मिलता है’
सीएम योगी ने कहा कि जब अच्छे जनप्रतिनिधि चुने जाते हैं, तब महापुरुषों और राष्ट्रनायकों को उचित सम्मान मिलता है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन वीरों-वीरांगनाओं के प्रति देश की कृतज्ञता का प्रतीक है, जिन्होंने राष्ट्रधर्म को सर्वोपरि मानते हुए अपना जीवन बलिदान कर दिया।
1857 के स्वतंत्रता संग्राम का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर में देशभर में आजादी की अलख जगी थी। उन्होंने मंगल पांडे, धन सिंह गुर्जर, तात्या टोपे और महारानी लक्ष्मीबाई के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उसी गौरवशाली परंपरा में वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी ने भी मातृभूमि की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया।
उन्होंने कहा कि भले ही वीरांगना अवंती बाई आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका साहस, संघर्ष और बलिदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।
बांदा के विकास कार्यों की भी सराहना
मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब तीन वर्ष पहले भी उन्हें बांदा में दो महत्वपूर्ण प्रतिमाओं के अनावरण का अवसर मिला था और अब वीरांगना अवंती बाई की प्रतिमा के साथ यह गौरवशाली परंपरा आगे बढ़ी है। उन्होंने शहर के सिटी डेवलपमेंट प्लान, सड़क विकास और अन्य परियोजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि योजनाबद्ध विकास से किसी भी शहर की पहचान बदली जा सकती है।
कार्यक्रम में जलशक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद, लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह, बांदा विधायक प्रकाश द्विवेदी, नरैनी विधायक ओममणि वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू राजपूत सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
