Homeउत्तर प्रदेशयूपी में कारीगरी से जुड़े तीन करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार:...

यूपी में कारीगरी से जुड़े तीन करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार: सीएम योगी

न्यूज डेस्क, गोरखपुर

गोरखपुर। भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिल्पकारों और कारीगरों को बधाई देते हुए कहा कि जो देश अपने शिल्पकारों और कारीगरों को सम्मान देता है, वही निरंतर आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पीएम विश्वकर्मा योजना के माध्यम से पारंपरिक शिल्प और कारीगरी को आधुनिक तकनीक और नए बाजारों से जोड़ने का काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री गुरुवार को जटाशंकर स्थित श्री विश्वकर्मा पंचायत मंदिर में आयोजित श्री विश्वकर्मा पूजनोत्सव कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने मंदिर में भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

सीएम योगी ने कहा कि राजमिस्त्री, बढ़ई, हलवाई, सोनार सहित विभिन्न पारंपरिक कारीगरी से जुड़े लोगों के लिए उनका हुनर ही स्वावलंबन का आधार रहा है। हालांकि, आजादी के बाद लंबे समय तक पारंपरिक शिल्प और कारीगरी उपेक्षा का शिकार रही।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में पहली बार डबल इंजन सरकार ने शिल्पकारों और कारीगरों को प्रशिक्षण, टूलकिट और रोजगार के विभिन्न अवसरों से जोड़ने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए हैं। सरकार के प्रोत्साहन से उत्तर प्रदेश में तीन करोड़ से अधिक लोग कारीगरी और शिल्प से जुड़कर रोजगार तथा स्वावलंबन की राह पर आगे बढ़ रहे हैं।

पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर प्रदेशवासियों की ओर से उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज का दिन इसलिए भी विशेष है क्योंकि एक ओर सृष्टि के शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की जयंती है और दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है।

सीएम योगी ने कहा कि हर कारीगर और शिल्पी अपने हुनर के माध्यम से भगवान विश्वकर्मा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करता है। उन्होंने प्रधानमंत्री के दीर्घ और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए कहा कि लंबे समय तक उनका मार्गदर्शन मिलता रहे और विकसित भारत की परिकल्पना साकार हो।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘श्री विश्वकर्मा पूजनोत्सव’ पुस्तक का विमोचन भी किया।

मंदिर समिति ने किया मुख्यमंत्री का स्वागत

श्री विश्वकर्मा पंचायत मंदिर समिति के अध्यक्ष दयानंद शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत किया। कार्यक्रम में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, प्रदेश महामंत्री अभिजात मिश्रा, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता, स्थानीय पार्षद छट्ठीलाल गुप्ता, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास सहित मंदिर समिति से जुड़े पदाधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular