रिपोर्ट – अभिषेक मिश्रा
कानपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा कानपुर दक्षिण जिले के कार्यकर्ताओं ने गोला घाट, कैंट में दीप प्रज्वलित कर उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की। कार्यक्रम में भाजपा के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष राम किशोर साहू, क्षेत्रीय महामंत्री आदित्य त्रिवेदी, भाजपा कानपुर दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह और मंडल अध्यक्ष सुमित तिवारी ने किया। दीप प्रज्वलन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सेवा और संकल्प के रूप में मनाने का संकल्प लिया।

क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन राष्ट्र और समाज की सेवा के प्रति समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने विकास, गरीब कल्याण, महिला सशक्तीकरण, युवा शक्ति और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का जन्मदिन भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को दोहराने का दिन है। इसी भावना के साथ कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
क्षेत्रीय महामंत्री आदित्य त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है और सेवा गतिविधियों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक जनकल्याण का संदेश पहुंचाया जा रहा है।
जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि कानपुर दक्षिण जिले में प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गोला घाट में दीप प्रज्वलित कर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की गई।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री गणेश शुक्ला, जसविंदर सिंह, प्रवीण मिश्रा, पवन दीक्षित, एलबी सिंह पटेल सहित भाजपा के जिला, मंडल और बूथ स्तर के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। दीपों की रोशनी के बीच कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के दीर्घायु जीवन और देश की निरंतर प्रगति की कामना की।
