प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर वाराणसी में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि भविष्य में जब उनकी विरासत लिखी जाएगी तो उसमें नक्सलवाद से देश को मुक्ति दिलाने, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने, करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने और महिलाओं को संसद में बराबर की भागीदारी देने जैसे कार्यों का उल्लेख होगा।
राजनाथ सिंह ने कहा कि एक महान नेता लोगों को स्वावलंबी बनाने का काम करता है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी दिशा में कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने युवाओं के सपनों को नए अवसर देने का प्रयास किया है।
काशी और वडनगर को जोड़ेगी सेवा यात्रा
राजनाथ सिंह ने कहा कि काशी से वडनगर तक निकलने वाली यह यात्रा प्रधानमंत्री की जन्मभूमि और कर्मभूमि को जोड़ने का प्रयास है। उन्होंने काशी को प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन से जुड़ा स्थान बताते हुए कहा कि वडनगर उनकी जन्मभूमि है, जहां उन्हें मां हीराबेन से संस्कार और आशीर्वाद मिला।
उन्होंने इस यात्रा को सेवा, संस्कार और साधना के संगम का प्रतीक बताया। राजनाथ सिंह ने कहा कि काशी और वडनगर का रिश्ता करीब दो हजार वर्ष पुराना है। प्राचीन काल में बौद्ध भिक्षुओं ने सारनाथ से वडनगर तक यात्रा की थी। उस समय ज्ञान और अध्यात्म को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाना इसका उद्देश्य था।
2014 से पहले अवसर हाथ से निकल जाते थे: राजनाथ
रक्षा मंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2014 से पहले देश के सामने आए कई अवसरों का लाभ नहीं उठाया जा सका। उन्होंने कहा कि उस समय सरकारों के सामने अपनी कुर्सी बचाने की चिंता अधिक रहती थी।
राजनाथ सिंह ने सेमीकंडक्टर उद्योग का उदाहरण देते हुए कहा कि दुनिया की एक बड़ी चिप निर्माता कंपनी भारत में फैक्ट्री लगाना चाहती थी, लेकिन तत्कालीन सरकार की ओर से दो बार अनुमति नहीं दी गई। उनके मुताबिक इससे देश में रोजगार का एक बड़ा अवसर हाथ से निकल गया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सेमीकंडक्टर उद्योग को बढ़ावा देने की पहल की गई। राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अभी लंबे समय तक देश की सेवा करनी है।
500 यात्री बाइक से जाएंगे वडनगर
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने बताया कि काशी से 250 बाइक पर 500 यात्री गंगाजल लेकर वडनगर जाएंगे। इसी तरह वडनगर से भी 250 बाइक पर 500 यात्री गुजरात की पवित्र नदियों का जल लेकर काशी पहुंचेंगे।
उन्होंने बताया कि यह यात्रा 10 राज्यों के 193 जिलों और 1,159 गांवों से होकर गुजरेगी। उत्तर प्रदेश के 50 जिले यात्रा के मार्ग में शामिल होंगे। यात्रा के दौरान प्रतिदिन 60 से 80 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान में वृक्षारोपण, जल संरक्षण, नशामुक्ति और प्लास्टिक मुक्त भारत का संकल्प दिलाया जाएगा। प्रत्येक पड़ाव पर करीब 15 मिनट की डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाएगी। इसके साथ स्थानीय नेताओं से संवाद और स्वच्छता कर्मियों का सम्मान भी किया जाएगा।
7 अक्टूबर को होगा जलाभिषेक
पंकज चौधरी ने बताया कि यात्रा के समापन पर 7 अक्टूबर को वडनगर में बाबा हाटकेश्वर को जल अर्पित किया जाएगा, जबकि काशी में बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत का सम्मान वैश्विक स्तर पर बढ़ा है।
चिराग पासवान बोले- भारत के सम्मान और गौरव का नाम हैं मोदी
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि देश में पहले भी कई सरकारें रहीं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को देश और दुनिया में नई पहचान दिलाने का काम किया।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में प्रधानमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सोच को आगे बढ़ाया है और आज पूरी दुनिया की नजर भारत पर है।
चिराग पासवान ने कहा, “नरेंद्र मोदी केवल देश के प्रधानमंत्री का नाम नहीं, भारत के सम्मान और गौरव का नाम है।” उन्होंने कहा कि देश का हर युवा प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व से प्रेरणा लेकर आगे बढ़े तो देश का भविष्य और बेहतर हो सकता है।
नायडू बोले- अन्नदाता मजबूत होगा तो देश मजबूत होगा
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने वाराणसी में कहा कि काशी की धरती पर खड़ा होना उनके लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने काशी को दुनिया की प्राचीन नगरी बताते हुए कहा कि यह नई सोच और ऊर्जा देती है।
नायडू ने कहा कि अन्नदाता मजबूत होगा तो देश मजबूत होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तकनीक में रुचि और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि देश बदलाव के दौर से गुजर रहा है और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
