लखनऊ में आयोजित द्वितीय अखिल भारतीय पुलिस बैडमिंटन क्लस्टर (बैडमिंटन-टेबल टेनिस) प्रतियोगिता 2025-26 का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। गोमतीनगर स्थित बाबू बनारसी दास यूपी बैडमिंटन एकेडमी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री खिलाड़ियों के बीच पहुंचे और बैडमिंटन कोर्ट में रैकेट थामकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

9 से 13 मई तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में देशभर की पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स की टीमें हिस्सा ले रही हैं। यूपी, गुजरात, कर्नाटक, उड़ीसा और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों के करीब 1400 खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। आयोजन में बैडमिंटन और टेबल टेनिस दोनों खेलों की प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतियोगिता की स्मारिका का विमोचन भी किया। वहीं खिलाड़ियों को शपथ दिलाने की जिम्मेदारी कपिल चौधरी ने निभाई। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर आधारित लघु फिल्म भी दिखाई गई, जिसे लोगों ने खूब सराहा।

प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों ने उत्तर प्रदेश सरकार और यूपी पुलिस की व्यवस्थाओं की खुलकर तारीफ की। कर्नाटक police के खिलाड़ी काली कृष्णा ने कहा कि यूपी एक अच्छा प्रदेश है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काफी अच्छे हैं। वहीं उड़ीसा पुलिस के खिलाड़ी देवेंद्र कुमार ने कहा कि खिलाड़ियों के लिए बेहतरीन इंतजाम किए गए हैं और “योगी जी इज ग्रेट।”

छत्तीसगढ़ पुलिस के खिलाड़ी राजेश मणि सिंह ने भी यूपी में मिले अनुभव को शानदार बताया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के रहने, खाने और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। गुजरात पुलिस के खिलाड़ी रियाज सरवैया ने लखनऊ को खूबसूरत शहर बताते हुए आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खिलाड़ियों को प्रमोशन और डायरेक्ट भर्ती जैसे अवसर देकर खेलों को बढ़ावा दे रहे हैं।
