Homeउत्तर प्रदेश12 दिन में CM योगी के दो दौरे, गोरखपुर को मिले 1753...

12 दिन में CM योगी के दो दौरे, गोरखपुर को मिले 1753 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले 12 दिनों में गोरखपुर के दो दौरे किए। इस दौरान जिले को कुल 1753 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात मिली। मुख्यमंत्री ने 11 जुलाई को करीब 758 करोड़ रुपये और 23 जुलाई को 995 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री के दोनों दौरों में गोरखपुर की रोड कनेक्टिविटी और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने पर खास फोकस रहा। 11 जुलाई को करीब 690 करोड़ रुपये की लागत से बने 11.60 किलोमीटर लंबे फोरलेन मार्ग का लोकार्पण किया गया था। वहीं, 23 जुलाई को मुख्यमंत्री ने 429.49 करोड़ रुपये की लागत से बने जिले के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर और 278 करोड़ रुपये की लागत से पैडलेगंज चौक से फिराक गोरखपुरी चौक तक तैयार फोरलेन सड़क को जनता को समर्पित किया।

टीपीनगर-पैडलेगंज मार्ग पर करीब 2.6 किलोमीटर लंबे सिक्सलेन फ्लाईओवर के शुरू होने से गोरखपुर की आसपास के जिलों और दूसरे राज्यों से कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे संतकबीरनगर, बस्ती, अयोध्या, लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, आजमगढ़, कुशीनगर, देवरिया और महराजगंज के साथ बिहार और नेपाल की ओर जाने वाले यात्रियों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।

वहीं, पैडलेगंज चौक से फिराक गोरखपुरी चौक तक सड़क के फोरलेन में तब्दील होने से शहर की आंतरिक यातायात व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। यातायात सुगम बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने नंदानगर पुलिस चौकी-शमशेर गेट मार्ग पर अंडरपास और सर्विस रोड के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री के दौरे में महिला सशक्तीकरण और तकनीकी शिक्षा के आधुनिकीकरण पर भी जोर दिया गया। कामकाजी महिलाओं के लिए मुख्यमंत्री श्रमीजीवी महिला छात्रावास का शिलान्यास किया गया। इसके अलावा राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना का भी रास्ता साफ हुआ। यहां उभरती तकनीकों से संबंधित आधुनिक साइंस लैब विकसित की जाएंगी।

पिछले 12 दिनों में मुख्यमंत्री के दो दौरों के दौरान हुए इन विकास कार्यों को गोरखपुर की सड़क कनेक्टिविटी, यातायात व्यवस्था, महिला सशक्तीकरण और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम के तौर पर देखा जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular