ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन कर पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने बधाई दी।
राष्ट्रपति मुर्मु ने महिलाओं के शॉट पुट F57 में स्वर्ण पदक जीतने वाली शर्मिला धनखड़ को विशेष बधाई दी। उन्होंने कहा कि शर्मिला पैरा एथलेटिक्स में भारत की पहली कॉमनवेल्थ गेम्स गोल्ड मेडलिस्ट बनकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की हैं। राष्ट्रपति ने पुरुषों की हाई जंप में रजत जीतने वाले सर्वेश अनिल कुशारे, पुरुषों के 79 किग्रा वेटलिफ्टिंग में रजत पदक विजेता वल्लुरी अजय बाबू और महिलाओं के शॉट पुट F57 में कांस्य पदक जीतने वाली शिल्पा के. शायला को भी शुभकामनाएं दीं।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने महिलाओं के 58 किग्रा वेटलिफ्टिंग में कांस्य पदक जीतने वाली बिंद्यारानी देवी सोरोखाइबम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि लगातार दो कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतना उनके समर्पण और दृढ़ता को दर्शाता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बिंद्यारानी देवी को बधाई देते हुए उनकी सफलता को कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प का परिणाम बताया।
वहीं, केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने शर्मिला धनखड़ के स्वर्ण पदक को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि शर्मिला ने पैरा एथलेटिक्स में कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारत की पहली एथलीट बनकर देश का गौरव बढ़ाया है।
