HomeUncategorizedदिल्ली में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई कांग्रेस नेताओं पर...

दिल्ली में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई कांग्रेस नेताओं पर FIR, प्रदर्शन के दौरान पुलिस से धक्का-मुक्की का आरोप

रिपोर्ट – प्रिया बाजपेई शुक्ल

दिल्ली में एसआईआर में कथित अनियमितताओं और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों से कथित धक्का-मुक्की, सरकारी काम में बाधा और निषेधाज्ञा के उल्लंघन के आरोप में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, पूरे मामले में अब तक तीन एफआईआर दर्ज की गई हैं। पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। इसके अलावा कनॉट प्लेस थाने में भी एक मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सुरक्षा घेरा पार करने की कोशिश की। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ बहस और धक्का-मुक्की हुई। पुलिस के अनुसार, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू थी, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने इसका उल्लंघन किया।

राहुल गांधी ने दी प्रतिक्रिया

एफआईआर दर्ज होने के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ दर्ज होने वाली हर एफआईआर उनके लिए एक मेडल की तरह है। राहुल गांधी ने कहा कि वह संविधान की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेंगे।

कांग्रेस की ओर से एफआईआर की कार्रवाई को लेकर सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया गया है। वहीं पुलिस का कहना है कि कानून और व्यवस्था का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रदर्शन से जुड़े वीडियो व सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। एफआईआर दर्ज होने के बाद दिल्ली में कांग्रेस और पुलिस के बीच राजनीतिक टकराव और तेज होने के आसार हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular