रिपोर्ट : अजयपाल यादव
बदायूं। लखनऊ में हुए कोचिंग सेंटर अग्निकांड के बाद बदायूं प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। जिले के बिसौली और बिल्सी क्षेत्र में लाइब्रेरियों व कोचिंग सेंटरों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान अग्नि सुरक्षा मानकों में गंभीर खामियां मिलने पर प्रशासन ने बिसौली स्थित दो लाइब्रेरियों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया। इनमें चाणक्य लाइब्रेरी और परीक्षा गढ़ लाइब्रेरी शामिल हैं।
प्रशासन और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने बिना एनओसी संचालित संस्थानों को नोटिस जारी किए हैं। साथ ही संचालकों को अग्नि सुरक्षा संबंधी सभी मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
