Homeउत्तर प्रदेशगोरखपुर गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में मिला मोबाइल कैमरा, वार्डन पर 5-6...

गोरखपुर गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में मिला मोबाइल कैमरा, वार्डन पर 5-6 छात्राओं की रिकॉर्डिंग का आरोप

गोरखपुर। शहर के मोहद्दीपुर इलाके में एक प्राइवेट गर्ल्स हॉस्टल में छात्राओं की निजता से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि हॉस्टल की महिला वार्डन ने बाथरूम में मोबाइल कैमरा ऑन करके रखा था। छात्राओं का दावा है कि कैमरे में 5 से 6 लड़कियों के आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड हुए हैं। वीडियो वायरल होने की आशंका भी छात्राओं ने जताई है। मामले में पुलिस ने महिला वार्डन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मामला कैंट थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर स्थित एक प्राइवेट गर्ल्स हॉस्टल का है। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले हॉस्टल में आई एक छात्रा मंगलवार 8 सितंबर की देर रात बाथरूम गई थी। इसी दौरान उसकी नजर टीन शेड में फंसे एक मोबाइल फोन पर पड़ी। मोबाइल का कैमरा ऑन था और उसका रुख टॉयलेट की तरफ था।

छात्रा ने पहले अपने मोबाइल से इसका वीडियो बनाया और फिर हॉस्टल की अन्य छात्राओं को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को डायल 112 पर सूचना दी गई। पीआरवी के साथ कैंट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मोबाइल को कब्जे में लिया।

मोबाइल में मिले कई वीडियो

छात्रा की शिकायत के मुताबिक, मोबाइल चेक करने पर उसमें कई छात्राओं के बाथरूम में होने के वीडियो मिले। छात्राओं ने कुछ वीडियो वायरल होने की आशंका भी जताई है। हालांकि पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, वीडियो वायरल होने की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

पूछताछ में वार्डन ने मोबाइल बाथरूम में रखने की बात स्वीकार की है। उसका कहना है कि बाथरूम में सैनिटरी पैड इधर-उधर फेंके जाने की शिकायत थी। इसी का पता लगाने के लिए उसने मोबाइल को रात करीब 10 बजे रिकॉर्डिंग मोड में रख दिया था।

वार्डन का मोबाइल कब्जे में, केस दर्ज

पुलिस ने महिला वार्डन का मोबाइल कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता की तहरीर के आधार पर कैंट थाने में संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है और वार्डन को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। बाथरूम में महिला वार्डन द्वारा मोबाइल रखा जाना सामने आया है। उन्होंने कहा कि मोबाइल कैमरा रखने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

एसपी सिटी के मुताबिक, अभी तक वीडियो वायरल होने की बात सामने नहीं आई है। अगर जांच में वीडियो वायरल करने या किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसे विवेचना में शामिल कर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular