लखनऊ। राजधानी में फिटनेस और पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) 3 मई 2026 को ‘ग्रीन रन’ का आयोजन करने जा रहा है। यह 3.5 किलोमीटर लंबी फन रन झूलेलाल वाटिका से न्यू डालीगंज ब्रिज के बीच नव निर्मित ग्रीन कॉरिडोर पर आयोजित होगी।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य शहरवासियों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।
1500 से अधिक प्रतिभागियों ने कराया पंजीकरण
ग्रीन रन के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में 1500 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया है। पुरुष और महिला प्रतिभागी एक साथ दौड़ेंगे। प्रतियोगिता को चार श्रेणियों में विभाजित किया गया है—18 से 30 वर्ष, 30 से 50 वर्ष, 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग और युगल दौड़। युगल श्रेणी में 172 जोड़ों ने पंजीकरण कराया है।
सुबह 6 बजे फ्लैग ऑफ, पहले योगा-जुम्बा
प्रतिभागी रविवार सुबह 5 बजे से झूलेलाल वाटिका में एकत्र होंगे, जहां रन से पहले योगा और जुम्बा सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद सुबह 6 बजे फ्लैग ऑफ के साथ दौड़ शुरू होगी।
सुरक्षा और सुविधाओं के विशेष इंतजाम
आयोजन के दौरान प्रतिभागियों की सुविधा के लिए मार्ग में चार हाइड्रेशन प्वाइंट बनाए जाएंगे। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल, चिकित्सकों की टीम और एम्बुलेंस तैनात रहेगी। जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू किया जाएगा।
सभी प्रतिभागियों को मेडल, विजेताओं को पुरस्कार
ग्रीन रन में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को टी-शर्ट और मेडल दिए जाएंगे। वहीं, प्रत्येक श्रेणी में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को आकर्षक पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।
यह आयोजन लखनऊ में फिटनेस और हरित सोच को एक मंच पर लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
