लखनऊ, 29 मई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हमीरपुर जिले में बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल पर हुए दर्दनाक हादसे में श्रमिकों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने हादसे को अत्यंत दुःखद और हृदय विदारक बताते हुए जिला प्रशासन को एसडीआरएफ के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने को कहा है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में तेज आंधी, तूफान, बारिश और आकाशीय बिजली से हुए नुकसान का भी संज्ञान लिया है। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को तत्काल सर्वे कर नुकसान का आकलन करने तथा राहत राशि शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए हैं।
सीएम योगी ने कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जाए और हर तीन घंटे में शासन को स्थिति की अद्यतन रिपोर्ट भेजी जाए। उन्होंने प्रशासन को राहत शिविरों, मुआवजा वितरण और बचाव कार्यों की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से आमजन तक पहुंचाने के भी निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
