Homeउत्तर प्रदेशहमीरपुर में दो स्कूली बसों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत, एक दर्जन से...

हमीरपुर में दो स्कूली बसों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत, एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल

रिपोर्ट- अंकित पांडेय

हमीरपुर। जिले के राठ कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। सेना रोड पर दो स्कूली बसों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बसों में सवार स्कूली बच्चों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, दोनों बसों में आरपी गुरुकुल और पीएसएन इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राएं सवार थे। बच्चे स्कूल जा रहे थे, इसी दौरान सेना रोड पर दोनों बसें आमने-सामने आ गईं और तेज रफ्तार में जोरदार टक्कर हो गई।

 

हादसे में एक दर्जन से अधिक स्कूली बच्चों के घायल होने की सूचना है। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत और बचाव का काम शुरू किया। घायल बच्चों को बसों से बाहर निकालकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। अस्पताल में घायल बच्चों का इलाज किया जा रहा है।

तेज रफ्तार को बताया जा रहा हादसे की वजह

प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह ओवरस्पीड बताई जा रही है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों बसें स्कूल के बच्चों को लेकर जा रही थीं, ऐसे में हादसे ने स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

हादसे के बाद चालक फरार

बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद दोनों स्कूली बसों के चालक बच्चों को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस द्वारा बस चालकों की तलाश की जा रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दोनों बसों की गति कितनी थी और हादसे के समय बसों में कितने बच्चे सवार थे।

फिलहाल घायल बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद अभिभावकों में भी चिंता का माहौल है। परिजनों ने स्कूली वाहनों की रफ्तार और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं।घटना राठ कोतवाली क्षेत्र के सेना रोड की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular