रिपोर्ट- प्रिया बाजपेयी शुक्ला
नीम करौली बाबा के जीवन और उनकी शिक्षाओं से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया है। महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने रिलीज के कुछ ही हफ्तों में अपनी लागत से कई गुना ज्यादा कमाई कर ली है। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर सफलता हासिल करने के बाद अब मेकर्स फिल्म को दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी में हैं।
फिल्म का निर्माण करने वाली कंपनी होम्बले फिल्म्स ने इसकी इंटरनेशनल रिलीज को लेकर बड़ा अपडेट साझा किया है। मेकर्स के मुताबिक, हिंदी डिवोशनल ड्रामा ‘हनुमान अंश’ 11 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
ग्लोबल रिलीज की घोषणा करते हुए मेकर्स ने बताया कि आस्था और आध्यात्मिकता से जुड़ी यह कहानी अब देश की सीमाओं से बाहर दर्शकों तक पहुंचेगी। फिल्म के जरिए नीम करौली बाबा, जिन्हें भक्त महाराज जी के नाम से भी जानते हैं, के आध्यात्मिक सफर और उनकी शिक्षाओं को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के सामने पेश किया जाएगा।
27 दिनों में 61 करोड़ से ज्यादा की कमाई
भारत में ‘हनुमान अंश’ का बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन लगातार मजबूत बना हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के 27 दिनों में करीब 61.88 करोड़ रुपये की नेट कमाई की है। वहीं, इसका ग्रॉस कलेक्शन लगभग 72.97 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।
सिर्फ 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म की कमाई को देखते हुए यह बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता मानी जा रही है। अब मेकर्स को उम्मीद है कि विदेशों में रिलीज के बाद फिल्म को वहां भी दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिलेगा।
नीम करौली बाबा की शिक्षाओं से प्रेरित है फिल्म
विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी ‘हनुमान अंश’ एक आध्यात्मिक ड्रामा है। फिल्म की कहानी नीम करौली बाबा के जीवन और उनकी शिक्षाओं से प्रेरित बताई गई है।
फिल्म में शोभिनव सत्या ने नीम करौली बाबा की भूमिका निभाई है। वहीं, विहान शेडगे कहानी के दूसरे चरण में महाराज जी के किरदार में नजर आते हैं। फिल्म में चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल के. रस्तोगी और गुलशन पांडे भी अहम भूमिकाओं में हैं।
कैंची धाम की आध्यात्मिक विरासत को दुनिया तक पहुंचाने की कोशिश
‘हनुमान अंश’ की इंटरनेशनल रिलीज को मेकर्स केवल फिल्म के विस्तार के तौर पर नहीं देख रहे हैं। इसके जरिए नीम करौली बाबा की आध्यात्मिक विरासत और उनकी शिक्षाओं को दुनिया के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
अब 11 सितंबर 2026 को यह भक्तिमय और आध्यात्मिक कहानी भारत के साथ-साथ विदेशों के सिनेमाघरों में भी दर्शकों के सामने होगी।
