Homeधर्म संसारहरियाली तीज 15 अगस्त को, सुहागिन महिलाएं रखेंगी व्रत; जानिए पूजा का...

हरियाली तीज 15 अगस्त को, सुहागिन महिलाएं रखेंगी व्रत; जानिए पूजा का समय और विशेष उपाय

न्यूज़ डेस्क, लखनऊ

लखनऊ। हरियाली तीज का पर्व इस बार 15 अगस्त को मनाया जाएगा। श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाया जाने वाला यह पर्व भगवान शिव और माता पार्वती को समर्पित है। धार्मिक मान्यता के अनुसार हरियाली तीज भगवान शिव और माता पार्वती के पुनर्मिलन का प्रतीक है।

इस दिन सुहागिन महिलाएं पति की लंबी आयु, सुखी वैवाहिक जीवन और परिवार की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना के लिए व्रत रखती हैं। महिलाएं माता पार्वती और भगवान शिव की पूजा-अर्चना करती हैं। इस अवसर पर महिलाएं हरे वस्त्र, विशेषकर हरी साड़ी पहनती हैं और झूला झूलने के साथ तीज के पारंपरिक गीत भी गाती हैं।

14 अगस्त शाम से शुरू होगी तृतीया तिथि

ज्योतिषाचार्य एस.एस. नागपाल, स्वास्तिक ज्योतिष केंद्र, अलीगंज, लखनऊ के अनुसार, श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि 14 अगस्त को शाम 6:46 बजे से शुरू होकर 15 अगस्त को शाम 5:28 बजे तक रहेगी। 15 अगस्त को हरियाली तीज पर शिव योग के बाद सिद्धि योग रहेगा। उत्तराफाल्गुनी नक्षत्र रहेगा और चंद्रमा सुबह 9:34 बजे तक सिंह राशि में रहने के बाद कन्या राशि में प्रवेश करेगा।

शनि दोष और आर्थिक समस्याओं से मुक्ति का उपाय

ज्योतिषाचार्य एस.एस. नागपाल के अनुसार, इस बार हरियाली तीज शनिवार के दिन पड़ रही है। ऐसे में सुहागिन महिलाएं उड़द की दाल, काला तिल और काले रंग के वस्त्र का दान कर सकती हैं। इसके अलावा काले कुत्ते और काली गाय को सरसों का तेल लगी रोटी तथा गुड़ खिलाने का भी विधान बताया गया है।

मान्यता के अनुसार, इन उपायों से भगवान शिव के साथ शनिदेव की कृपा प्राप्त होती है और पति से संबंधित शनि दोष तथा आर्थिक परेशानियों से मुक्ति की कामना की जाती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular