नव अंशिका फाउंडेशन और रेल विहार सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में 16 अगस्त को “हरियाली उत्सव सीजन फाइव – खुशहाल लाइफ” का आयोजन किया जाएगा। गोमती नगर स्थित होटल क्लासिक कलेक्शन में दोपहर 12 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में महिलाओं के लिए विभिन्न सांस्कृतिक, सौंदर्य और प्रतिभा आधारित प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
मंगलवार को रेल विहार कॉलोनी परिसर में कार्यक्रम का पोस्टर नव अंशिका फाउंडेशन की उपाध्यक्ष नीरा लोहानी, रेल विहार सोसाइटी की गरिमा श्रीवास्तव और रचना सिंह ने जारी किया।
नव अंशिका फाउंडेशन की अध्यक्षा नीशू त्यागी ने बताया कि कार्यक्रम में रैंप वॉक और टैलेंट हंट शो मुख्य आकर्षण होंगे। इसके अलावा ‘नव अंशिका हरियाली क्वीन 2026’ और ‘स्वीट सिक्सटी हरियाली क्वीन 2026’ का चयन किया जाएगा। साथ ही बेस्ट हेयर स्टाइल, ड्रेस, स्माइल, पर्सनैलिटी, परफॉर्मेंस, रैंप वॉक, मेकअप, डांस, टैलेंट, मेहंदी, सुंदरी, कजरा, चूड़ी श्रृंगार, एक्सप्रेशन, सिंगिंग, आभूषण, फुटवियर और नेल्स जैसी विभिन्न श्रेणियों में भी टाइटल अवॉर्ड दिए जाएंगे।

कार्यक्रम के सह-संयोजक एवं थिएटर एंड फिल्म वेलफेयर एसोसिएशन के सचिव दबीर सिद्दीकी ने बताया कि हरियाली तीज इस वर्ष 15 अगस्त को पड़ रही है। स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों को देखते हुए इस उत्सव का आयोजन अगले दिन 16 अगस्त को किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन हरियाली तीज की पारंपरिक संस्कृति को आधुनिक स्वरूप के साथ प्रस्तुत करेगा, जिसमें महिलाओं को अपनी प्रतिभा और व्यक्तित्व प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में भाग लेने की इच्छुक महिलाएं मोबाइल नंबर 9721700025 और 9335222238 पर संपर्क कर सकती हैं। आयोजन से जुड़ी जानकारी नव अंशिका फाउंडेशन के फेसबुक पेज पर भी उपलब्ध कराई जाएगी।
