Homeउत्तर प्रदेशIIT Kanpur Placement: 83% छात्रों को मिली नौकरी, Chemical Engineering में 100%...

IIT Kanpur Placement: 83% छात्रों को मिली नौकरी, Chemical Engineering में 100% प्लेसमेंट

कानपुर। रोजगार के लिए बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच आईआईटी संस्थानों के कैंपस प्लेसमेंट पर सभी की नजर रहती है। आईआईटी कानपुर में 2025-26 के कैंपस प्लेसमेंट में 83 प्रतिशत छात्रों को नौकरी मिली है। सबसे खास बात यह रही कि केमिकल इंजीनियरिंग ने 100 प्रतिशत प्लेसमेंट के साथ सभी को चौंका दिया। यानी इस कोर्स के हर छात्र का चयन हुआ है।

आईआईटी कानपुर की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, कैंपस प्लेसमेंट के लिए कुल 1562 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से 1295 छात्रों का चयन हुआ। स्नातक कार्यक्रमों में 85 प्रतिशत और स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में 79 प्रतिशत छात्रों को नौकरी मिली है।

इंटर्नशिप के लिए भी मिले सैकड़ों ऑफर

प्लेसमेंट के साथ छात्रों को इंटर्नशिप के भी अच्छे अवसर मिले। कुल 638 छात्रों को इंटर्नशिप ऑफर मिले, जिनमें से 598 छात्रों ने इन ऑफर्स को स्वीकार किया।

Chemical Engineering में 100% प्लेसमेंट

विभागवार आंकड़ों की बात करें तो केमिकल इंजीनियरिंग ने 100 प्रतिशत प्लेसमेंट के साथ पहला स्थान हासिल किया। इसके बाद कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में 99 प्रतिशत छात्रों का चयन हुआ।

वहीं इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में 94 प्रतिशत, जबकि मैकेनिकल इंजीनियरिंग और मैथ्स एंड साइंटिफिक कंप्यूटिंग में 88-88 प्रतिशत छात्रों को नौकरी मिली।

स्किल बेस्ड ट्रेनिंग पर होगा जोर

आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रो. मणींद्र अग्रवाल ने कहा कि 2025-26 का प्लेसमेंट सीजन संतुलित रहा। संस्थान अब भविष्य में स्किल आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने पर जोर देगा। साथ ही उद्योगों की जरूरत के अनुरूप पाठ्यक्रमों को बेहतर बनाने और इंडस्ट्री-अकादमिक सहयोग को और मजबूत करने की योजना है।

उन्होंने प्लेसमेंट के जरिए नौकरी हासिल करने वाले सभी छात्रों को बधाई दी।

करोड़ों तक पहुंच सकता है IIT छात्रों का पैकेज

आईआईटी छात्रों के कैंपस प्लेसमेंट में देश-विदेश की नामी कंपनियां हिस्सा लेती हैं और कई बार छात्रों को करोड़ों रुपये तक के सालाना पैकेज के ऑफर भी मिलते हैं। हालांकि, मौजूदा समय में छात्र अपने सैलरी पैकेज को सार्वजनिक करने से बचते हैं। 2025-26 के प्लेसमेंट सीजन में भी आईआईटी कानपुर के छात्रों को आकर्षक पैकेज पर नौकरियां मिलने की जानकारी सामने आई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular