रिपोर्ट- प्रिया बाजपेई शुक्ला
लखनऊ: अगर आप धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों की यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो भारतीय रेलवे आपके लिए खास मौका लेकर आया है। IRCTC की भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन के जरिए यात्री 9 रात और 10 दिनों में मध्य प्रदेश और गुजरात के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की यात्रा कर सकेंगे।
यह विशेष यात्रा 17 अगस्त से 26 अगस्त 2026 तक चलेगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, नागेश्वर और सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे। इसके अलावा द्वारकाधीश मंदिर, भेंट द्वारका, सिग्नेचर ब्रिज और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों का भी भ्रमण कराया जाएगा।
यूपी-एमपी के इन स्टेशनों से मिलेगी ट्रेन
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भारत गौरव ट्रेन को कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है। इनमें गोरखपुर, मनकापुर, अयोध्या कैंट, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज संगम, रायबरेली, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, उरई, झांसी और ललितपुर शामिल हैं।
पैकेज में क्या-क्या मिलेगा?
IRCTC के इस टूर पैकेज में यात्रियों को अलग-अलग श्रेणियों में सफर करने का विकल्प मिलेगा। पैकेज में ट्रेन यात्रा के साथ सुबह का नाश्ता, दोपहर और रात का शाकाहारी भोजन, होटल में ठहरने और स्थानीय दर्शनीय स्थलों के लिए बस की सुविधा शामिल है।
कितना है किराया?
यात्रियों के लिए किराया श्रेणी के अनुसार तय किया गया है:
स्लीपर क्लास: ₹18,380 प्रति व्यक्ति
3 एसी: ₹29,570 प्रति व्यक्ति
2 एसी: ₹38,870 प्रति व्यक्ति
EMI से कर सकेंगे भुगतान
यात्रा को बजट के अनुकूल बनाने के लिए IRCTC की ओर से LTC और आसान EMI की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। इससे यात्री पैकेज की राशि किस्तों में चुका सकते हैं।
इच्छुक यात्री गोमती नगर, लखनऊ स्थित IRCTC पर्यटन कार्यालय से बुकिंग करा सकते हैं। इसके अलावा IRCTC Tourism की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध है।
