ओडिशा के पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर में कार्तिक पूर्णिमा की रात आस्था का एक भावुक कर देने वाला दृश्य सामने आया। स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहीं एक बुजुर्ग महिला ऑक्सीजन सिलेंडर के सहारे भगवान जगन्नाथ के दर्शन करने पहुंचीं। उनके साथ परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे। महिला की भक्ति और परिवार के सहयोग का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
ऑक्सीजन सिलेंडर के सहारे अरुण स्तंभ तक पहुंचीं
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि बुजुर्ग महिला को सांस लेने के लिए ऑक्सीजन सपोर्ट की जरूरत है। इसके बावजूद उन्होंने भगवान जगन्नाथ के दर्शन करने की इच्छा जताई। परिवार के सदस्य उनकी इच्छा पूरी करने के लिए उन्हें ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ मंदिर के सामने स्थित अरुण स्तंभ तक लेकर पहुंचे।
महाप्रभु के सामने झुकाया सिर
अरुण स्तंभ तक पहुंचने के बाद महिला ने महाप्रभु जगन्नाथ और पतितपावन के सामने शीश नवाया। उन्होंने अच्छे स्वास्थ्य और जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की। स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के बीच मंदिर पहुंचने का उनका यह दृश्य लोगों को भावुक कर रहा है।
इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ वीडियो
यह वीडियो इंस्टाग्राम चैनल ‘comedyculture.in’ पर पोस्ट किया गया है। वीडियो में बुजुर्ग महिला की भगवान के प्रति श्रद्धा के साथ परिवार का सहयोग भी दिखाई देता है। सोशल मीडिया पर यह दृश्य लोगों का ध्यान खींच रहा है।
