काकोरी क्षेत्र में शनिवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली 38 वर्षीय महिला की तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के जरिए उसकी तलाश शुरू कर दी है।

मॉर्निंग वॉक के दौरान हुआ हादसा

मृतका की पहचान साधना मौर्या के रूप में हुई है, जो गोलाकुआं स्थित रोशन लॉन के पास रहती थीं। शनिवार सुबह वह पड़ोस की गिरीशा मौर्य और गीता मौर्य के साथ सड़क किनारे मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहन ने साधना को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि साधना करीब 15 फीट दूर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरीं। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

एक महिला घायल, दूसरी सुरक्षित

हादसे में साथ चल रहीं गिरीशा मौर्य भी मामूली रूप से घायल हो गईं। बताया जा रहा है कि वाहन के शीशे की चपेट में आने से उन्हें हल्की चोटें आईं। वहीं गीता मौर्य सुरक्षित बच गईं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने साधना को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

साधना मौर्या अपने पीछे पति आनंद उर्फ टिंकू मौर्या, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गई हैं। उनके पति निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर के मुताबिक अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है, ताकि वाहन और चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular