रिपोर्ट: अभिषेक मिश्रा
भारतीय जनता पार्टी कानपुर महानगर दक्षिण जिला कार्यालय के सभागार में SIR (विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण) अभियान की तैयारियों को लेकर जिला महामंत्रियों और मंडल अध्यक्षों की बैठक आयोजित की गई।
जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह के नेतृत्व में हुई बैठक की अध्यक्षता पूर्व जिलाध्यक्ष कौशल किशोर दीक्षित ने की। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित क्षेत्रीय महामंत्री आदित्य त्रिवेदी ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।

बैठक में मतदाता पुनरीक्षण अभियान की तैयारियों, संगठनात्मक समन्वय और जनसंपर्क को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं को अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने और निर्धारित प्रक्रिया की सही जानकारी आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
क्षेत्रीय महामंत्री आदित्य त्रिवेदी ने कहा कि SIR अभियान लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य है। भाजपा कार्यकर्ता पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ अभियान में जुटें।
मतदाताओं को पुनरीक्षण प्रक्रिया की सही जानकारी दें और पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के साथ ही त्रुटियों के नियमानुसार सुधार के लिए जागरूक करें।
जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए संगठन के प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
जिला से लेकर मंडल और बूथ स्तर तक बेहतर समन्वय बनाकर अभियान की तैयारियां की जाएंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी सहयोग के साथ काम करने की अपील की, ताकि कोई भी पात्र मतदाता आवश्यक जानकारी के अभाव में मतदाता सूची से वंचित न रहे।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप अभियान को सफल बनाने के लिए समन्वित प्रयास करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला महामंत्री गणेश शुक्ला, जसविंदर सिंह मल्होत्रा, अर्जुन बेरिया, गौरव चतुर्वेदी, सुमित तिवारी, सनी जायसवाल, ओपी आर्य, दीपांकर मिश्रा, आनंद सिंह परिहार, विनीत दुबे, संजय तिवारी, सुमित कश्यप, दीपू पासवान, अनीता परमार, विवेक शुक्ला, लक्ष्मी नारायण निषाद सहित अन्य पदाधिकारी और मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे।
