Homeउत्तर प्रदेशशहीद इंस्पेक्टर सुनील कुमार के बलिदान को समर्पित यूपी पुलिस की फिल्म...

शहीद इंस्पेक्टर सुनील कुमार के बलिदान को समर्पित यूपी पुलिस की फिल्म ‘वर्दी’

उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश पुलिस ने अपने उन अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि देने की पहल की है, जिन्होंने कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश पुलिस की फिल्म **‘वर्दी’शहीद इंस्पेक्टर सुनील कुमार की वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को समर्पित की गई है।

मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित सुनील कुमार की शहादत के माध्यम से यह फिल्म उन सभी पुलिसकर्मियों को नमन करती है, जिन्होंने कर्तव्य पथ पर अपने प्राण न्योछावर कर दिए।

फिल्म की खास बात यह है कि इसकी शूटिंग मुंबई में की गई है, जबकि इसकी पटकथा और वॉयस ओवर की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय के सोशल मीडिया सेंटर में तैनात कांस्टेबल कपिल दिनकर ने निभाई है।

फिल्म का क्रिएटिव निर्देशन भी पुलिस विभाग की अपनी टीम ने किया है। इस तरह पुलिस विभाग ने अपने संसाधनों और प्रतिभाओं के माध्यम से शहीदों के सम्मान में एक विशेष प्रस्तुति तैयार की है।

उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से फिल्म के निर्माण में सहयोग देने के लिए बॉलीवुड इंडस्ट्री के प्रति आभार व्यक्त किया गया। पुलिस विभाग का उद्देश्य वर्दीधारी जवानों के शौर्य, उनके बलिदान और उनके परिवारों की भावनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है।

यह फिल्म न केवल शहीद इंस्पेक्टर सुनील कुमार के अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा को याद करने का माध्यम है, बल्कि उन सभी पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का प्रयास भी है, जिन्होंने देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

उत्तर प्रदेश पुलिस ने देश की रक्षा और सुरक्षा में अपना सर्वस्व अर्पित करने वाले सभी अमर बलिदानियों को विनम्र नमन किया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular