Homeउत्तर प्रदेशकांग्रेस कार्यकर्ताओं पर मुकदमों के आरोप पहुंचे हाईकमान तक, कानपुर पहुंचे लीगल...

कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर मुकदमों के आरोप पहुंचे हाईकमान तक, कानपुर पहुंचे लीगल सेल के चेयरमैन

रिपोर्ट – अभिषेक मिश्रा

कानपुर। कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर कथित तौर पर झूठे मुकदमे दर्ज कराकर उत्पीड़न किए जाने का मामला अब पार्टी के प्रदेश और राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंच गया है।

प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा के निर्देश पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस के लीगल सेल चेयरमैन आसिफ रिजवी एडवोकेट कानपुर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी ली। कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज मुकदमों की निष्पक्ष जांच और कथित उत्पीड़न पर रोक लगाने की मांग उठाई है।कानपुर की महाराजपुर विधानसभा में कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला और विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के समर्थकों के बीच राजनीतिक टकराव लगातार बढ़ रहा है।

स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर सोशल मीडिया पर शुरू हुई बयानबाजी अब आरोप-प्रत्यारोप और मुकदमों तक पहुंच गई है। कांग्रेस समर्थकों की ओर से ‘बहाना जी’ नाम से सोशल मीडिया पेज बनाकर स्थानीय मुद्दों को उठाने और महाना के खिलाफ अभियान चलाने का दावा किया गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और तेज हो गया।

कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, 17 जुलाई को संदीप शुक्ला के समर्थकों के खिलाफ पहली एफआईआर दर्ज कराई गई थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हुआ। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सत्ता के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन भी किए।

हाल ही में दर्ज एक अन्य मुकदमे में कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला को भी नामजद किए जाने के बाद मामला पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व तक पहुंच गया।

प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा और राष्ट्रीय सचिव जगदीश चंद्र जांगिड़ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस के लीगल सेल चेयरमैन आसिफ रिजवी को कानपुर भेजा

 

पुलिस अधिकारियों से हुई वार्ता

कानपुर पहुंचने के बाद आसिफ रिजवी ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला और पार्टी के अन्य नेताओं व अधिवक्ताओं के साथ पुलिस आयुक्त आवास पहुंचकर मामले को उठाया।

इस दौरान लीगल सेल के कानपुर चेयरमैन रमणीक चतुर्वेदी, मंडल चेयरमैन प्रतीक शर्मा, बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष मोहम्मद तौहीद, मंत्री विवेक सिंह सहित राजीव द्विवेदी, नरेंद्र चंचल कुशवाहा, तुफैल अहमद, अभिषेक पाल और हेमेंद्र श्रीवास्तव समेत कई लोग मौजूद रहे।

पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल के मौके पर मौजूद नहीं होने के कारण फोन पर वार्ता की गई। इसके बाद आईपीएस अधिकारी अंजलि दाहिया, एसीपी कोतवाली और एसीपी चकेरी को कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल से बातचीत के लिए भेजा गया।

वार्ता के बाद लीगल सेल चेयरमैन आसिफ रिजवी ने बताया कि पुलिस के उच्चाधिकारियों के समक्ष मुकदमों की निष्पक्ष जांच, शिकायतकर्ताओं के पुराने मामलों के रिकॉर्ड की पड़ताल और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के कथित उत्पीड़न से जुड़े मुद्दे रखे गए हैं। उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट कांग्रेस हाईकमान को भेजी जाएगी। इसके बाद नेतृत्व के स्तर पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला ने आरोप लगाया कि असहमति की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन पार्टी कार्यकर्ता इससे पीछे हटने वाले नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न जितना बढ़ेगा, उनकी आवाज उतनी ही बुलंद होगी। संदीप शुक्ला ने पुलिस और माफिया के कथित गठजोड़ के खिलाफ व्यापक आंदोलन चलाने की चेतावनी भी दी।

फिलहाल, कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल की पुलिस अधिकारियों से हुई वार्ता के बाद अब सबकी नजर पार्टी हाईकमान को भेजी जाने वाली रिपोर्ट और मामले में आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।

 

 

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular