सावन माह में कांवड़ यात्रा के दौरान बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों में शनिवार और सोमवार को अवकाश घोषित किया गया है। वहीं शुक्रवार रात से जिले में व्यापक रूट डायवर्जन लागू कर दिया गया है, जो सोमवार शाम 6 बजे तक प्रभावी रहेगा।
प्रशासन के अनुसार, सोरों और कछला घाट से गंगाजल लेने आने वाले कांवड़ियों की भारी संख्या को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इस दौरान शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा, जबकि रोडवेज बसों का संचालन निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से कराया जाएगा।
जिला प्रशासन ने बताया कि इसी तरह की यातायात व्यवस्था 7 से 11 अगस्त, 14 से 17 अगस्त और 21 से 24 अगस्त तक भी प्रत्येक शुक्रवार रात से सोमवार शाम तक लागू रहेगी।
इन मार्गों पर रहेगा डायवर्जन
- अलीगढ़ और पिलुआ से मैनपुरी जाने वाले भारी वाहन एटा बाईपास से भेजे जाएंगे।
- फिरोजाबाद की ओर जाने वाले वाहन मलावन, कुरावली, घिरोर और शिकोहाबाद होकर गुजरेंगे।
- बदायूं और बरेली जाने वाले वाहनों को ओन घाट चौकी, सिढ़पुरा, गंजडुंडवारा और कादरगंज मार्ग से निकाला जाएगा।
- मैनपुरी से आने वाले भारी वाहनों को एटा बाईपास के जरिए अलीगढ़ की ओर मोड़ा जाएगा।
- कासगंज से फिरोजाबाद जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं।
- शिकोहाबाद और टूंडला से आने-जाने वाले वाहनों का संचालन भी निर्धारित डायवर्जन रूट से कराया जाएगा।
- एटा-कासगंज मार्ग को कांवड़ यात्रा के दौरान वन-वे घोषित किया गया है।
स्कूलों ने भी घोषित किया अवकाश
यातायात बाधित होने और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शहर के कई निजी स्कूलों ने भी शनिवार और सोमवार को अवकाश घोषित कर दिया है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और डायवर्जन व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।
