Homeउत्तर प्रदेशKanwar Yatra 2026: कांवड़ यात्रा को लेकर अलर्ट, DGP ने लिया तैयारियों...

Kanwar Yatra 2026: कांवड़ यात्रा को लेकर अलर्ट, DGP ने लिया तैयारियों का जायजा

मेरठ। कांवड़ यात्रा और श्रावण शिवरात्रि को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर रविवार को मेरठ मंडलायुक्त सभागार में अंतरराज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल और पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण ने की।

बैठक में उत्तर प्रदेश के अलावा उत्तराखंड, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। वहीं गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली, बागपत और हापुड़ समेत कई जिलों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक से जुड़े।

कांवड़ यात्रा के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार

मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल ने कहा कि इस बार दिल्ली-सहारनपुर इकोनॉमिक एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे के संचालन को ध्यान में रखते हुए विशेष ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ट्रैफिक प्लान की जानकारी समय रहते श्रद्धालुओं और कांवड़ संघों तक पहुंचाई जाए।

उन्होंने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने, श्रद्धालुओं के साथ संवेदनशील व्यवहार करने और किसी भी अवांछित गतिविधि को रोकने के लिए खुफिया तंत्र को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए।

‘Zero Incident, Zero Accident’ रहेगा लक्ष्य

डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि कांवड़ यात्रा मेरठ क्षेत्र का सबसे बड़ा वार्षिक आयोजन है। यात्रा को सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए राज्यों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है।

उन्होंने निर्देश दिया कि यात्रा शुरू होने से पहले कांवड़ संघों, शिविर संचालकों और डीजे संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें हाईकोर्ट के निर्देशों और निर्धारित मानकों की जानकारी दी जाए।

डीजीपी ने कहा कि इस वर्ष प्रशासन का लक्ष्य ‘Zero Incident, Zero Accident’ रखना है। सोशल मीडिया पर अफवाह और फर्जी खबर फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके साथ ही पुलिसकर्मियों को व्यवहारिक प्रशिक्षण देकर श्रद्धालुओं के प्रति संयमित और संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

ICCC और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल का निरीक्षण

बैठक के बाद डीजीपी राजीव कृष्ण ने मेरठ पुलिस लाइन स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) का निरीक्षण किया। इसके बाद मेरठ जोन कार्यालय में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल, साइबर मॉनिटरिंग सेल और अपराध शाखा भवन का उद्घाटन किया।

इसके बाद डीजीपी मुजफ्फरनगर पहुंचे, जहां उन्होंने शिव चौक समेत प्रमुख कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

बाहरी जिलों से आने वाले पुलिस बल के लिए बेहतर व्यवस्था के निर्देश

मुजफ्फरनगर रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित समीक्षा बैठक में मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और शामली जिलों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। डीजीपी ने अधिकारियों को प्रभावी रिस्पॉन्स प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बाहरी जिलों से आने वाले पुलिस बल के लिए आवास और भोजन की बेहतर व्यवस्था करने के साथ ही राज्य की सीमाओं पर कांवड़ यात्रियों के लिए जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा।

डीजीपी ने अधिकारियों से कांवड़ यात्रा की तैयारियों का फीडबैक भी लिया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने मुजफ्फरनगर रिजर्व पुलिस लाइन में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular