बदायूं। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का 10 जुलाई को प्रस्तावित बदायूं दौरा भारी बारिश और खराब मौसम के कारण निरस्त कर दिया गया है। इस संबंध में उपमुख्यमंत्री के निजी सचिव ने आधिकारिक जानकारी दी।

डिप्टी सीएम के दौरे के दौरान बिल्सी में नवनिर्मित रोडवेज स्टैंड का लोकार्पण और बिल्सी विधायक हरीश शाक्य के कैंप कार्यालय का उद्घाटन होना था। इसके अलावा बदायूं में अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक भी प्रस्तावित थी।

कार्यक्रम के अनुसार, उपमुख्यमंत्री को जिले की निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करना था। समरेर में ऑडिटोरियम का लोकार्पण करने के साथ जनसभा को भी संबोधित करना था।

दौरे के दौरान विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा के साथ जिले को कई नई सौगातें मिलने की उम्मीद थी। हालांकि लगातार हो रही भारी बारिश और खराब मौसम को देखते हुए पूरा कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
