लखनऊ में किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) की एकमेडिकल छात्रा से छेड़खानी और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि देर रात संस्थान के गेट के बाहर कैब का इंतजार कर रही छात्रा से एक बाइक सवार युवक ने अभद्रता की। विरोध करने पर आरोपी ने उसे बाइक से टक्कर मारकर कुचलने का प्रयास किया।
जानकारी के मुताबिक, छात्रा मंगलवार रात करीब 10 बजे अपनी ड्यूटी समाप्त होने के बाद KGMU गेट के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान एक युवक बाइक लेकर वहां पहुंचा और उससे छेड़छाड़ करने लगा। छात्रा ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे धमकाया और बाइक से टक्कर मारने की कोशिश की।
घटना से घबराई छात्रा ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोग उसकी मदद के लिए दौड़े। लोगों को आता देख आरोपी मौके से भागने लगा। भागने के दौरान उसकी बाइक पहले एक ऑटो और फिर दूसरी बाइक से टकरा गई। इसके बाद वह पिंक बूथ के चबूतरे से भी भिड़ गया, लेकिन इसके बावजूद मौके से फरार होने में सफल रहघटना के बाद छात्रा किसी तरह वापस संस्थान पहुंची और अधिकारियों को पूरी जानकारी दी। बाद में उसने अपने पिता को फोन कर घटना से अवगत कराया। अगले दिन छात्रा के पिता ने चौक कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पिंक बूथ और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी घटना के बाद चरक चौराहे की ओर भागा था। चौक इंस्पेक्टर नागेश उपाध्याय ने बताया कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जा रही है और आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
