रिपोर्ट: बालेंद्र गुप्ता
झांसी। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के नेतृत्व वाली लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) भी बुंदेलखंड में अपनी चुनावी जमीन तैयार करने में जुट गई है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि पार्टी भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन में शामिल रहकर बुंदेलखंड की तीन विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग कर सकती है।
हाल ही में लखनऊ में हुई लोजपा (रामविलास) की बैठक में यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के साथ बुंदेलखंड के राजनीतिक समीकरणों पर भी चर्चा हुई। बैठक में क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव में पार्टी की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर मंथन किया गया।
तीन सीटों पर नजर
सूत्रों के मुताबिक, पार्टी की नजर झांसी, बांदा और ललितपुर-जालौन क्षेत्र की विधानसभा सीटों पर है। चर्चा है कि लोजपा (रामविलास) भाजपा गठबंधन के सामने तीन सीटों पर अपनी दावेदारी पेश कर सकती है। पार्टी गठबंधन के तहत चुनाव मैदान में उतरकर बुंदेलखंड में अपना राजनीतिक आधार बढ़ाना चाहती है।
हालांकि, अभी तक पार्टी की ओर से सीटों की मांग को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। गठबंधन में सीटों के बंटवारे पर भी कोई अंतिम फैसला सामने नहीं आया है।
विधानसभा क्षेत्रों में लगने लगे होर्डिंग
क्षेत्र के कुछ विधानसभा क्षेत्रों में लोजपा की चुनावी तैयारियों से जुड़े होर्डिंग लगाए जाने की चर्चा है। इसे आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी की बढ़ती सक्रियता के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी संगठन विस्तार के साथ क्षेत्र में अपनी मौजूदगी मजबूत करने की तैयारी कर रही है।
पार्टी अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी उत्तर प्रदेश की विधानसभा सीटों पर चुनावी तैयारी की बात कह चुके हैं। ऐसे में अब नजर इस बात पर है कि भाजपा गठबंधन बुंदेलखंड में लोजपा (रामविलास) की दावेदारी पर क्या रुख अपनाता है।
