नेटफ्लिक्स और बालाजी टेलीफिल्म्स के कैप्टिव रियलिटी शो ‘लॉक अप: सच या सज़ा’ का पहला सीज़न अपने ग्रैंड फिनाले के साथ समाप्त हो गया। छह सप्ताह तक चले इस हाई-वोल्टेज रियलिटी शो की विजेता श्रेया कालरा बनीं। पूरे सीज़न में इमोशनल कन्फेशन, चार्जशीट, जबरदस्त टकराव और बदलते रिश्तों के बीच श्रेया ने अपनी सच्चाई और बेबाक अंदाज के दम पर दर्शकों का दिल जीता और ट्रॉफी अपने नाम की।
27 जून से शुरू हुआ यह शो शुरुआत में सप्ताह में पांच दिन स्ट्रीम किया गया था, लेकिन दर्शकों की जबरदस्त प्रतिक्रिया के बाद इसे सप्ताह में छह दिन प्रसारित किया जाने लगा। शो ने केवल तीन सप्ताह में 50 मिलियन व्यूइंग घंटे का आंकड़ा पार किया, जबकि सोशल मीडिया पर इसे 3.3 बिलियन से अधिक व्यू और 50 लाख से ज्यादा ऑनलाइन चर्चाएं मिलीं।

इस सीज़न में राम कपूर, शिवांगी जोशी, धीरज धूपर, हर्षद चोपड़ा, शिल्पा शिंदे, सुनीता आहूजा, पामला सेरेना, माधुरी ग्रोवर, श्रेष्ठा अय्यर, आकांक्षा चमोला, आकांक्षा चौधरी, योगेश रावत, सूफी मोतीवाला, श्रेया कालरा, वरुण यादव और रियाज एली सहित 16 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। शो के वन-लाइनर्स, टास्क और विवाद सोशल मीडिया पर लगातार ट्रेंड करते रहे।
शो में रितेश देशमुख और फराह खान ने जेलर की भूमिका निभाई। दोनों ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करने के साथ-साथ शो को मनोरंजक बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई।
विजेता बनने के बाद श्रेया कालरा ने कहा कि यह अनुभव उनके जीवन को हमेशा के लिए बदल गया। उन्होंने कहा कि वह शो में परफेक्ट बनने नहीं, बल्कि अपनी असली पहचान के साथ रहने आई थीं और यही उनकी सबसे बड़ी ताकत बनी। उन्होंने इस जीत को उन सभी लोगों को समर्पित किया, जिन्हें अपनी सच्चाई खुलकर कहने पर जज किया गया।
नेटफ्लिक्स इंडिया की वाइस प्रेसिडेंट मोनिका शेरगिल ने कहा कि छह सप्ताह तक यह शो देश के सबसे चर्चित कार्यक्रमों में शामिल रहा। सोशल मीडिया से लेकर घर और ऑफिस तक इसकी चर्चा होती रही, जिसने साबित किया कि दर्शकों ने इस नए रियलिटी फॉर्मेट को भरपूर प्यार दिया।
वहीं शो की क्रिएटर एकता कपूर ने कहा कि ‘लॉक अप’ सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि साहस, धैर्य और अपनी सच्चाई पर डटे रहने की परीक्षा थी। उनके अनुसार श्रेया ने अपनी ईमानदारी और वास्तविक व्यक्तित्व के दम पर यह जीत हासिल की।
पहले सीज़न की सफलता के साथ ‘लॉक अप: सच या सज़ा’ ने खुद को एक लोकप्रिय रियलिटी फ्रेंचाइज़ी के रूप में स्थापित कर लिया है और दर्शकों के बीच इसकी मजबूत पहचान बन गई है।
