Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ के अंबेडकर स्मारक में लाइट एंड साउंड शो शुरू, बाबा साहब...

लखनऊ के अंबेडकर स्मारक में लाइट एंड साउंड शो शुरू, बाबा साहब के जीवन की झलक अब हर शाम

लखनऊ के गोमती नगर स्थित डॉ भीमराव अम्बेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल में अब आगंतुकों को एक नया और प्रेरणादायक अनुभव मिलेगा। यहां लाइट एंड साउंड शो की शुरुआत कर दी गई है, जिसके माध्यम से डॉ. भीमराव अम्बेडकर के जीवन, संघर्ष और आदर्शों को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा।

लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के अनुसार, इस प्रोजेक्ट पर करीब 18.40 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। आधुनिक तकनीक से तैयार यह शो बाबा साहब के बचपन से लेकर संविधान निर्माण तक के सफर को रोशनी, ध्वनि और दृश्य प्रभावों के जरिए जीवंत करता है। दर्शक उनके सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा के प्रति योगदान को करीब से समझ सकेंगे।

यह शो खास तौर पर नई पीढ़ी को बाबा साहब के विचारों से जोड़ने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। अब स्मारक आने वाले पर्यटक न सिर्फ इसकी भव्यता देखेंगे, बल्कि इतिहास और प्रेरणा का अनुभव भी करेंगे।

 यह लाइट एंड साउंड शो प्रतिदिन शाम 7:30 बजे से आयोजित किया जाएगा। 25 अप्रैल से इसका ट्रायल रन किया जा रहा था, जिसे अब नियमित रूप से शुरू कर दिया गया है।

 हाई-टेक तकनीक से होगा शानदार अनुभव

शो के अंतर्गत 30 मिनट की फिल्म और देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके लिए 6 हाई-कैपेसिटी प्रोजेक्टर लगाए गए हैं, जिनकी क्षमता 30,000 ल्यूमेन्स है, जिससे दर्शकों को बेहतरीन विजुअल क्वालिटी मिलेगी।

 महाभारत फेम आवाज में सुनेंगे कहानी

इस प्रस्तुति को और खास बनाता है मशहूर वॉइस ओवर आर्टिस्ट हरीष भिमानी की आवाज, जो टीवी सीरियल महाभारत में ‘समय’ की आवाज के रूप में प्रसिद्ध हैं।

 बच्चों के लिए बनेगा प्ले एरिया

इस प्रोजेक्ट के तहत बच्चों के लिए एक विशेष प्ले-एरिया भी विकसित किया जा रहा है, ताकि परिवार के साथ आने वाले बच्चों को भी मनोरंजन का अवसर मिल सके। यह कार्य फिलहाल प्रगति पर है और जल्द ही पूरा किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular