Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में अगस्त में 8 साल की रिकॉर्ड बारिश, 330 मिमी बरसा...

लखनऊ में अगस्त में 8 साल की रिकॉर्ड बारिश, 330 मिमी बरसा पानी; 6 सितंबर तक जारी रह सकता है सिलसिला

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में इस बार अगस्त का महीना बारिश के लिहाज से बेहद खास रहा। अगस्त 2026 में लखनऊ में करीब 330 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जो पिछले 8 वर्षों में अगस्त महीने की सबसे अधिक बारिश बताई जा रही है। लगातार बारिश के चलते शहर का मानसूनी कोटा भी पूरा हो गया है।

बुधवार को लगातार दूसरे दिन राजधानी में बारिश का दौर जारी है। रहीमाबाद, सरोजनीनगर, गोमतीनगर, मलिहाबाद समेत कई इलाकों में देर रात से रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम में ठंडक बढ़ने से लोगों को उमस से राहत मिली है, हालांकि कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

लखनऊ में सामान्य से ज्यादा बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से 1 सितंबर तक लखनऊ में सामान्य बारिश 523.9 मिलीमीटर होती है। इस अवधि में अब तक 525.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है। यानी राजधानी में मानसून के दौरान सामान्य से अधिक बारिश हो चुकी है।

मंगलवार को भी शहर के अलग-अलग हिस्सों में अच्छी बारिश हुई। चिनहट में 59 मिमी, राजभवन में 45.5 मिमी, अंबेडकर पार्क में 54 मिमी, बख्शी का तालाब में 36.5 मिमी, जनेश्वर मिश्र पार्क में 26.5 मिमी और काकोरी में 26 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। अमौसी में करीब 9 मिमी बारिश हुई। सभी सेंटरों को मिलाकर शहर में औसतन करीब 36.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई।

कई इलाकों में जलभराव

लगातार बारिश के कारण हरिनगर बालागंज, लेखराज मार्केट और कठौता झील के आसपास जलभराव की समस्या सामने आई है। बालागंज में सड़कों पर पानी भरने से स्थानीय लोगों को परेशानी हुई, जबकि बच्चों के लिए स्कूल से निकलना भी मुश्किल हो गया।

लेखराज मार्केट में सड़क पर घुटनों से ऊपर तक पानी भरने की तस्वीरें सामने आई हैं। वहीं चिनहट में रोलेक्स अपार्टमेंट के सामने सीवर ब्लॉक के आसपास सड़क धंसने की घटना भी सामने आई है।

मलिहाबाद में बारिश का असर आम के बागों पर भी दिखाई दिया। कई बागों में पानी भरने से बागवानों की चिंता बढ़ गई है।

बंगाल की खाड़ी में बने 7 लो-प्रेशर सिस्टम

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगस्त में बंगाल की खाड़ी में कुल 7 कम दबाव के क्षेत्र बने। इनमें से 3 सिस्टम मजबूत होकर डिप्रेशन में बदल गए। इन्हीं मौसमी सिस्टम के कारण उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हुई।

उत्तर प्रदेश में अगस्त 2026 में कुल 291.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य 235.5 मिलीमीटर के मुकाबले करीब 24 फीसदी अधिक है। वर्ष 2018 में 293.1 मिलीमीटर बारिश के बाद यह अगस्त में सबसे ज्यादा बारिश बताई जा रही है।

6 सितंबर तक बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, लखनऊ में बुधवार को अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। राजधानी में 6 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है।

वहीं सितंबर के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सामान्य से कम बारिश, जबकि दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश होने का अनुमान है। मध्य और दक्षिणी उत्तर प्रदेश में बारिश सामान्य रहने के आसार हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular