लखनऊ के गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के कोच में मिले युवती के कटे शव मामले में पुलिस ने बड़ी प्रगति हासिल की है। जीआरपी ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल सर्विलांस की मदद से मृतका की पहचान कुशीनगर निवासी युवती के रूप में की है। शुरुआती जांच में मामला ऑनर किलिंग से जुड़ा हुआ माना जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, युवती का शव पांच टुकड़ों में मिला था। शव का धड़ एक बॉक्स में रखा गया था, जबकि हाथ-पैर पॉलीथीन में पैक कर बैग में छिपाए गए थे। यह शव 17 मई को बिहार के छपरा से लखनऊ आने वाली गोमतीनगर एक्सप्रेस के S-1 कोच में मिला था। सफाई के दौरान रेलवे स्टाफ को संदिग्ध बैग और बॉक्स दिखाई दिए, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
जांच में सामने आया है कि मृतका कुशीनगर जिले की रहने वाली थी और चार बहनों में तीसरे नंबर पर थी। परिवार में पिछले कुछ समय से तनाव चल रहा था। पुलिस को शक है कि युवती के किसी युवक से संपर्क को लेकर परिवार नाराज था। इसी वजह से ऑनर किलिंग की आशंका जताई जा रही है।
जीआरपी सूत्रों के अनुसार, मामले में युवती के पिता और एक रिश्तेदार की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। दोनों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस कई अहम सुराग जुटाने में लगी है।
हालांकि, हत्या में इस्तेमाल हथियार और युवती का सिर अभी तक बरामद नहीं हो सका है। पुलिस की कई टीमें अलग-अलग स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले के खुलासे के बेहद करीब पहुंच चुकी जांच में जल्द ही बड़ा खुलासा किया जा सकता है।
इस सनसनीखेज घटना के सामने आने के बाद रेलवे सुरक्षा व्यवस्था और ट्रेनों में निगरानी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। वहीं, घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
