रिपोर्ट : प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। जानकीपुरम विस्तार सेक्टर-3 में गुरुवार तड़के पटाखे और गद्दों की दुकान में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आते ही दुकान में रखे पटाखे फूटने लगे। करीब दो घंटे तक लगातार पटाखे फूटने की आवाज आती रही, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। आग की तेज लपटों के बीच चिंगारियां आसपास के घरों तक भी पहुंचीं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल की दो गाड़ियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

पटाखे फूटने से मची अफरा-तफरी
आग भवानी चौराहे से चंद्रिका टावर जाने वाली सड़क पर नोटबुक के सामने स्थित खाली प्लॉट और फुटपाथ पर लगी दुकानों में लगी थी। यहां गद्दे, पटाखे और सब्जी की दुकानें थीं। आग लगते ही पटाखे तेज आवाज के साथ फूटने लगे। कई जलते हुए पटाखे आसपास के घरों की ओर भी जा रहे थे, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने अवैध कब्जों पर उठाए सवाल
जानकीपुरम विस्तार संयुक्त कल्याण महासमिति के महासचिव विनय कृष्ण पांडेय ने क्षेत्र में अवैध कब्जों को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि भवानी बाजार से चंद्रिका टावर तक सड़क के दोनों ओर फुटपाथ और खाली प्लॉट पर अवैध रूप से दुकानें संचालित हो रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि इन दुकानों को बिजली और पानी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। रिहायशी इलाके में इस तरह के अवैध कब्जों के कारण स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है। इसके बावजूद जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों की ओर से इन्हें हटाने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
