Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में शादी के 5 महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, पति...

लखनऊ में शादी के 5 महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, पति समेत 8 पर दहेज हत्या का केस

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के इंदिरानगर क्षेत्र में शादी के महज पांच महीने बाद एक नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद मृतका के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत आठ लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान बिहार के बक्सर निवासी 24 वर्षीय सोनाली के रूप में हुई है। उसकी शादी इसी वर्ष फरवरी में भोजपुर निवासी कमलाकांत मिश्रा से हुई थी, जो लखनऊ के इंदिरानगर में किराए के मकान में रहकर एक निजी बैंक में डिप्टी मैनेजर के पद पर कार्यरत है। 28 जून को सोनाली अपने पति के साथ लखनऊ आई थी। शनिवार देर रात उसका शव घर में फंदे से लटका मिला।

मृतका के भाई अभिषेक ओझा का आरोप है कि शादी में करीब 15 लाख रुपये नकद और फर्नीचर देने के बावजूद ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज और कार की मांग कर रहा था। आरोप है कि इसी को लेकर सोनाली को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों का कहना है कि हत्या को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।

वहीं, पुलिस पूछताछ में पति कमलाकांत ने बताया कि दोनों की कश्मीर यात्रा को लेकर विवाद हुआ था। उनका कहना है कि फ्लाइट की जगह ट्रेन का टिकट बुक किए जाने से सोनाली नाराज थी। जब उसका फोन नहीं उठा तो मकान मालिक को घर भेजा गया और बाद में घर पहुंचने पर वह फंदे से लटकी मिली।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular