Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ से नोएडा के बीच पहली उड़ान शुरू, गुल पनाग ने किया...

लखनऊ से नोएडा के बीच पहली उड़ान शुरू, गुल पनाग ने किया सफर; 1 जुलाई से नियमित सेवा

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सोमवार से घरेलू उड़ानों का संचालन शुरू हो गया। इस ऐतिहासिक मौके पर लखनऊ से सुबह 7 बजे पहली सीधी उड़ान नोएडा (जेवर) के लिए रवाना हुई। इंडिगो की फ्लाइट 6E-2278 से कुल 182 यात्रियों ने सफर किया, जिनमें अभिनेत्री Gul Panag भी शामिल थीं।

नोएडा पहुंचने के बाद गुल पनाग ने इस यात्रा को अपने लिए खास अनुभव बताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि एक एविएशन प्रेमी के रूप में पहली उड़ान का हिस्सा बनना उनके लिए बेहद उत्साहजनक रहा। उन्होंने कहा कि दिल्ली-एनसीआर में वर्षों तक यात्रा करने के बाद वह यह देखने को उत्सुक हैं कि भारत का सबसे बड़ा एयरपोर्ट क्षेत्र में कनेक्टिविटी, आवाजाही और आर्थिक विकास के नए अवसर कैसे पैदा करेगा।

सोमवार को लखनऊ और नोएडा के बीच पहली सीधी उड़ान का सफल संचालन प्रदेश के हवाई नेटवर्क के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। हालांकि इस रूट पर नियमित व्यावसायिक उड़ान सेवाएं 1 जुलाई 2026 से शुरू की जाएंगी।

नई सेवा के शुभारंभ पर एयरपोर्ट परिसर में दीप प्रज्वलन और केक कटिंग समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एयरलाइन और एयरपोर्ट प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया और इसे उत्तर प्रदेश के भीतर हवाई संपर्क को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम बताया।

इस दौरान एक निजी समूह के करीब 80 कर्मचारियों ने भी लखनऊ से नोएडा की यात्रा कर नई सेवा का लाभ उठाया। यात्रियों की अच्छी संख्या को देखते हुए एयरपोर्ट प्रबंधन ने इसे सकारात्मक शुरुआत बताया।

RELATED ARTICLES

Most Popular