Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में सिपाही और DRI कर्मी ने लूटा सोना, पांच गिरफ्तार

लखनऊ में सिपाही और DRI कर्मी ने लूटा सोना, पांच गिरफ्तार

रिपोर्ट – प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पुलिसकर्मियों की संलिप्तता से लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां दो सिपाहियों और राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) के एक कर्मी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक सराफ कारोबारी से करीब एक किलो सोने के आभूषण लूट लिए। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए एक सिपाही और DRI कर्मी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, दूसरे सिपाही समेत चार आरोपी अभी फरार हैं।

पुलिस के मुताबिक, दिल्ली के करोल बाग निवासी महेंद्र दास अपने जीजा छोटू साहू के साथ सोने के आभूषण बनाने का काम करते हैं। दोनों 20 नवंबर को जौनपुर के सराफ कारोबारियों को आभूषण देने गए थे। इसके बाद 21 नवंबर की रात निजी बस से दिल्ली लौट रहे थे।

इसी दौरान 21 नवंबर की रात करीब 1:30 बजे सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र के खुर्दही बाजार स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने तीन वर्दीधारियों समेत नौ लोगों ने उनकी बस रुकवा ली। आरोपियों ने महेंद्र पर सोने की तस्करी का आरोप लगाया और उन्हें जबरन अपनी कार में बैठा लिया।

इसके बाद आरोपियों ने कारोबारी से नकदी और सोने के आभूषणों से भरा बैग छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद कारोबारी को कुछ दूरी पर सड़क किनारे छोड़कर सभी फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

एक सिपाही और DRI कर्मी समेत पांच गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस ने गौतमपल्ली थाने में तैनात सिपाही दुर्गेश कुमार कुशवाहा, DRI कर्मी अविनाश शाही, जौनपुर के सराफ प्रीतम सोनी, सिक्योरिटी गार्ड राहुल चौहान और सोने के कारीगर तिलक मांझी को गिरफ्तार कर लिया।

844 ग्राम सोने के आभूषण और नकदी बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 844 ग्राम सोने के आभूषण और सोने के कुछ टुकड़े बरामद किए हैं। इसके अलावा 1.82 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो भी बरामद हुई है।

पुलिस के मुताबिक, वारदात में शामिल दूसरे सिपाही समेत चार आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular