लखनऊ के शहीद पथ स्थित शालीमार वन वर्ल्ड में सैलून मैनेजर रतना सिंह आत्महत्या प्रकरण में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। गोमती नगर विस्तार पुलिस ने शनिवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की मदद से आरोपित बिल्डर के ऑफिस के अवैध हिस्से पर बुलडोजर चलवा दिया। साथ ही निर्माणाधीन अपार्टमेंट और ऑफिस को सील करने के लिए एलडीए को पत्र भेजा गया है।
पुलिस ने इस मामले में फरार चल रहे बिल्डर शरद सिंह समेत चार आरोपितों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। आरोपितों की तलाश में पुलिस बाराबंकी, गोरखपुर, देवरिया समेत पांच जिलों में लगातार दबिश दे रही है।
डीसीपी पूर्वी Dr. Diksha Sharma के मुताबिक गोरखपुर कैंट निवासी 32 वर्षीय रतना सिंह मानसून सैलून में मैनेजर थीं। उन्होंने 11 मई की रात शालीमार वन वर्ल्ड स्थित फ्लैट में आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से पहले बनाए गए वीडियो में रतना ने बिल्डर एवं होटल कारोबारी शरद सिंह, उनकी पत्नी पल्लवी, मंगलनाथ यादव और वैशाली समेत अन्य लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया था।
रतना के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया था। इससे पहले शुक्रवार को पुलिस ने शरद सिंह से जुड़े विरासत होटल, सैलून और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों को भी सील कर दिया था।
पुलिस ने मामले में इस्तेमाल हुई स्विफ्ट कार, स्कॉर्पियो-एन और वोल्वो गाड़ी को केस प्रॉपर्टी बनाते हुए जब्त कर लिया है। वहीं इंस्पेक्टर गोमती नगर विस्तार सुधीर अवस्थी ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ गैर जमानती वारंट लेने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
एलडीए की टीम अब बिल्डर से जुड़े निर्माणाधीन अपार्टमेंट, बिल्डिंग और ऑफिस के दस्तावेजों की जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
